नयी दिल्ली: नववर्ष के पहले ही दिन दिल्लीवासियों को यातायात की परेशानी हुई क्योंकि नए साल के जश्न और नगर कीर्तन के चलते राजधानी की कई सड़कें जाम रहीं।
कनॉट प्लेस की ओर जाने वाली कई सड़कें जैसे बाराखंभा रोड, जनपथ, संसद मार्ग, अशोक रोड, काली बाड़ी, कस्तूरबा गांधी मार्ग आदि भारी यातायात से प्रभावित रहीं।
यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नया वर्ष मनाने के लिए लोग बड़ी संख्या में इंडिया गेट पहुंचे जिसके चलते सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
नगर कीर्तन के चलते गुरूद्वारा रकाबगंज और फतह नगर गुरूद्वारा के बीच यातायात काफी अधिक था।
इस बीच दिल्ली यातायात पुलिस ने सड़कों पर भारी यातायात के बारे में लोगों को सूचित करने के लिए ट्विटर का इस्तेमाल किया।