हरिद्वार: निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए लंढौरा क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश करने के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और पार्टी के चार विधायकों को आज गिरफ्तार किया गया। लंधौरा में हाल ही में दो समुदायों के सदस्यों के बीच हुए संघर्ष के मद्देनजर निषेधाज्ञा लागू है।
पार्टी विधायकों यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता, चंद्र शेखर और प्रेमचंद अग्रवाल के साथ हरिद्वार के सांसद निशंक पुलिस और खुफिया अधिकारियों की नजर से बचते हुए सराय और पीतपुरा गावों से होते हुए लंधौरा के नजदीक रनसुरा पहुंचने में कामयाब हो गये।
लंढौरा पहुंचने के लिए निशंक ने हाईवे को छोड़ गांवों की कच्ची सड़कों का सहारा लिया। तेज रफ्तार से उनका काफिला दौड़ा लेकिन एक घंटे तक लुकाछिपी के बाद लक्सर के रणसुरा गांव में पुलिस की गाड़ियो ने निशंक की सरपट दौड़ती गाड़ियों को घेर लिया। इसके बाद निशंक के अपनी कार का दरवाजा बंद कर लिया।
निशंक अपनी गाड़ी का दरवाजा लॉक करके करीब डेढ़ घंटे तक अंदर बैठे रहे और बाहर पुलिस वाले उनसे लौट जाने की गुजारिश करते रहे। आरोप है कि इस बीच निशंक ने टेलिफोन पर एसएसपी को देख लेने की धमकी भी दी। लेकिन आखिर में पुलिस की सख्ती के आगे निशंक को गाडी से बाहर आना पड़ा जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद निजी जमानती मुचलका जमा करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।