देश की राजधानी दिल्ली में इन दिनों लोग भीषण और तपती गर्मी से बेहाल हैं। इस बीच, अपने पहले भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी दिल्ली के इस 'हाई टेंपरेचर' से बच नहीं पाए। उन पर गर्मी का असर ऐसा हुआ कि जब मंच पर आए तो वे दिल्ली के हाई टेंपरेचर पर चुटकी लेने से खुद को रोक नहीं पाए।
शनिवार को दिल्ली में नए यूएस कॉन्सुलेट ऑफिस के उद्घाटन के दौरान उन्होंने मंच से दिल्ली की तपती गर्मी पर ऐसा मजेदार तंज कसा कि वहां मौजूद लोग हंस पड़े। उनके इस हल्के-फुल्के अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
'मैं मियामी से हूं, गर्मी समझता हूं..."
मंच पर आते ही मार्को रुबियो ने हंसते हुए कहा, "आज यहां आना मेरे लिए वाकई सम्मान की बात है। मैं अपनी बात छोटी रखना चाहता हूं, क्योंकि यहां बहुत ज्यादा गर्मी है। सच में बहुत गर्मी है।" उन्होंने अपने गृहनगर का जिक्र करते हुए आगे कहा, "हालांकि, यहां मियामी जैसी उमस नहीं है। मैं मियामी से हूं, इसलिए मुझे पता है कि उमस वाली गर्मी और तपती गर्मी में क्या फर्क होता है। वैसे अभी समय क्या हुआ है? अब तक तो मौसम थोड़ा ठंडा हो जाना चाहिए था।"
विदेश मंत्री बनने के बाद पहला भारत दौरा
रुबियो ने कहा कि वे इस गर्मी में लोगों को ज्यादा देर नहीं रोकना चाहते। इसके बाद उन्होंने नए दफ्तर की तारीफ करते हुए कहा कि इस फैसिलिटी से अमेरिकी जनता का पैसा बचा है और इससे काम पहले से ज्यादा बेहतर और असरदार होगा। यह दफ्तर सिर्फ वीजा के लिए नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा में दिन-रात जुटे अमेरिकी अधिकारियों के लिए भी उतना ही अहम है।
बता दें कि विदेश मंत्री बनने के बाद मार्को रुबियो का यह पहला भारत दौरा है। दिल्ली में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जहां उनके बीच करीब एक घंटे तक सुरक्षा, व्यापार और नई तकनीक जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। फरवरी 2025 में पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात के बाद यह पहली बड़ी हाई-लेवल मीटिंग थी।
ये भी पढ़ें-
'मोदी-ट्रंप की जोड़ी बहुत आगे तक का सोचकर काम करती है', भारत आए मार्को रूबियो का बड़ा बयान
व्हाइट हाउस में एक बार फिर से फायरिंग, अंदर मौजूद थे डोनाल्ड ट्रंप