नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे असम में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पूरा देश असम के साथ है। असम के लोग अपने साहसी स्वभाव से इस मुसीबत का डटकर सामना कर रहे हैं और इस आपदा से उबर जाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि हर संभव मदद का हाथ बढ़ाएं।’’
Related Stories
असम में अधिकारियों ने बताया कि राज्य के 28 जिलों में करीब 36 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। आधिकारिक बुलेटिन में कहा गया है कि इस साल राज्य में बाढ़ और भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 102 हो गई है। 76 लोगों की मौत बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में हुई है जबकि 26 की मौत भूस्खलन में हुई है।
असम में शुक्रवार को बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अधिकारियों के अनुसार, 36 लाख बाढ़ प्रभावित लोगों में से करीब 22 लाख लोग चार जिलों के हैं, जिसमें धुबरी (8,92,109), गोलपारा (4,43,768), बारपेटा (4,29,708) ) और मोरीगांव (4,24,541) है।
वन विभाग और एएसडीएमए अधिकारियों ने यह भी बताया कि बाढ़ से करीब 86 जानवर मारे गए हैं, जबकि विश्व के प्रसिद्ध काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के 95 प्रतिशत हिस्से के बाढ़ में डूबने के बाद 125 जानवरों को बचाया गया है। यह उद्यान 2,200 से अधिक एक सींग वाले भारतीय गैंडों का घर था।