1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. इंडिया टीवी ‘संवाद’: अमित शाह बोले, NDA का उम्मीदवार ही बनेगा देश का अगला राष्ट्रपति

इंडिया टीवी ‘संवाद’: अमित शाह बोले, NDA का उम्मीदवार ही बनेगा देश का अगला राष्ट्रपति

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 15, 2017 07:49 pm IST,  Updated : May 16, 2017 11:39 am IST

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार कश्मीर समस्या के समाधान के लिए सभी से बात करना चहती है लेकिन अलगाववादी इसके लिए तैयार नहीं है। राजनाथ सिहं इंडिया टीवी के ‘संवाद’ कार्यक्रम में सवालों के जवाब दे रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि मीडिया कश्मीर

amit shah- India TV Hindi
amit shah

नई दिल्ली: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार कश्मीर समस्या के समाधान के लिए सभी से बात करना चहती है लेकिन अलगाववादी इसके लिए तैयार नहीं है। राजनाथ सिहं इंडिया टीवी के ‘संवाद’ कार्यक्रम में सवालों के जवाब दे रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि मीडिया कश्मीर की घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है। पत्थरबाज़ी की एक-दो घटनाओं को पूरे कश्मीर से जोड़ना ग़लत है।

देश के नंबर वन चैनल इंडिया टीवी के खास कार्यक्रम ‘संवाद’ में देश के राजनीति जगत के बड़े दिग्‍गज एक मंच पर नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई और जनता के सवालों के जवाब भी दिए। इसके अलावा दिग्गजों ने कश्मीर, ट्रिपल तलाक, नोटबंदी, राम मंदिर, आईटी क्षेत्र मे छंटनी और देश में बढ़ती बेरोजगारी सहित अन्य तमाम मुद्दों पर बात की।

NDA का उम्मीदवार ही बनेगा देश का अगला राष्ट्रपति: अमित शाह

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि देश का अगला राष्ट्रपति NDA से ही होगा। ईवीएम मुद्दे पर बात करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, ‘जब वो जीते तब ईवीएम सही था, जब हम जीते ईवीएम गलत था, यह थ्योरी जनता के गले नहीं उतरती।’ उन्होंने कहा कि अब जातिवाद और धर्म की नहीं बल्कि परफॉर्मेंस की राजनीति चलती है। अमित शाह ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी के गुजरात का सीएम बनने के बाद देश की राजनीति की दिशा बदली। जातिवाद और धर्म की राजनीति की बजाय परफॉर्मेंस चुनाव का मुद्दा बना है।’ पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

सब्र रखिए, सर्जिकल स्ट्राइक करने में भी 10-15 दिन का समय लगा था: राजनाथ सिंह

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इशारे में जता दिया कि भारत के दो शहीदों के शवों को साथ हुए अमानवीय कृत्यों का बदला सर्जिकल स्ट्राइक जैसे ऐक्शन से लिया जाएगा। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत को उरी में हुए हमलों के बाद बदला लेने में भी 10-15 दिन का वक्त लग गया था।

राजनाथ सिंह ने इंडिया टीवी के एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा से कहा, ‘सर्जिकल स्ट्राइक्स के लिए भी 10-15 दिन लग गए थे। धैर्य रखिए। यह समझना गलत होगा कि कुछ नहीं हो रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं अपनी सरकार की तरफ से आपको यकीन दिलाता हूं कि देशवासियों का सिर शर्म से झुकने नहीं दिया जाएगा। ऐसा नहीं है कि हमें इसका दर्द महसूस नहीं होता और हम इस दर्द को ज्यादा दिन तक रहने नहीं देंगे।’ पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

स्वामी ने कहा, कोर्ट का फैसला खिलाफ आया तो यूं हो सकता है राम मंदिर का निर्माण

बीजेपी नेता सुब्रमण्यन स्वामी ने एक ऐसा बयान दिया है जिसपर सियासी हलकों में हलचल मच सकती है। स्वामी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यदि कोर्ट का फैसला राम मंदिर के हक में नहीं गया तो सरकार संसद में कानून पास करके कोर्ट के फैसले को पलट सकती है और उसके बाद राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा।

राम मंदिर पर तारीख पर तारीख दिए जाने पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए स्वामी ने कहा, ‘पहले तो हमारा निर्णय है कि हम यह कोर्ट के जरिए करेंगे। कोर्ट के निर्णय के बारे में हम अनुमान ही कर सकते हैं। बाकी लोग जहां प्रॉपर्टी इशू पर जोर दे रहे हैं, वहीं मैं यह कहता हूं कि यह हमारा मूलभूत अधिकार है कि जहां भगवान राम पैदा हुए वहां मंदिर बनना चाहिए और मुझे उम्मीद है कि कोर्ट जुलाई तक इस पर कुछ न कुछ फैसला जरूर करेगा।’ (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

PM मोदी ने स्वामी को व्यस्त रखा है वर्ना वह उनके पीछे पड़ जाएंगे: असदुद्दीन ओवैसी

AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने साथी सुब्रमण्यम स्वामी को ‘इस्तेमाल’ कर रहे हैं ताकि वह ऐसे मुद्दे न उठा सकें जिनसे सरकार कठिनाई में पड़ जाए। ओवैसी ने कहा कि स्वामी को इसीलिए मोदी कैबिनेट में जगह नहीं दी गई ताकि उन्हें अन्य कामों में व्यस्त रखा जा सके। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

‘नोटबंदी के बाद हमारा राजस्व 7 लाख करोड़ रुपये बढ़ा’

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हमारी सरकार ने 3 साल में 50 हजार करोड़ काला धन बचाया। मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए गडकरी ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी हमारी सरकार के सबसे बड़े फैसले रहे है। 2014 में राजस्व प्राप्ति 13 लाख करोड़ था और अब यह 20 लाख करोड़ है। यानी नोटबंदी के बाद राजस्व में 7 लाख करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

दादरी जाना मेरा हक था, केजरीवाल और राहुल वहां किसलिए गए थे: महेश शर्मा

गोरक्षकों और दादरी के अखलाक कांड पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री महेश शर्मा ने कहा, ‘दादरी मेरी कॉन्स्टिचुएंसी है और अखलाक के घर जाने का मेरा हक बनता था। लेकिन वहां केजरीवाल और राहुल गांधी किसलिए गए थे। वे राजनीति करने गए थे।’ महेश शर्मा ने कहा, ‘मैं दादरी परमिशन लेकर गया था। जिस व्यक्ति की मृत्यु हुई उसके परिजन से मिला। उनके परिवार के घायल लड़के का मेरे अस्पताल में 23 दिन तक इलाज चला और वह वहां से स्वस्थ होकर गया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

फूड प्रोसेसिंग इंडस्‍ट्री में 40 फीसदी बढ़ी FDI

फूड प्रोसेसिंग मंत्री हरसिमरत कौर ने कहा कि किसानों को आमदनी बढ़ाने के लिए फूड प्रोसेसिंग इंडस्‍ट्री का विकास कर रहे हैं और ई-मंडी की मदद से 500 मंडियों को जोड़ा गया है। आज हमारे देश में किसान ई-मंडी का भरपूर उपयेग कर रहे है। एक सवाल के जवाब में हरसिमरत कौर ने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद ही किसानों की आय दुगुना करने पर फोकस किया गया है। 2022 तक जब देश की आजादी के 75 साल होंगे उस समय तक किसानों की आय को दुगना करना है और इसको लेकर कई कदम उठाए गए है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

यूपी में EVM की नहीं, विपक्ष की टेम्परिंग हुई थी: के. सी. त्यागी

जनता दल (यूनाइटेड) के नेता के. सी. त्यागी ने EVM टेम्परिंग की बात को नकारते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश चुनावों में EVM की नहीं बल्कि विपक्ष की टेम्परिंग हुई थी। त्यागी ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए इस समय एक संयुक्त विपक्ष की आवश्यकता है। 'संवाद' में बोलते हुए त्यागी ने कहा, ‘बीजेपी का पहले मानना था कि कोई भी व्यक्ति विचारधारा से बड़ा नहीं हो सकता। लेकिन आज बीजेपी में एक व्यक्ति विचारधारा से भी ज्यादा ताकतवर हो गया है।’ (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

BJP फैंटसी सरकार है और नरेंद्र मोदी एक फैंटसी हीरो हैं: राज बब्बर

कांग्रेस नेता राज बब्बर ने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला। राज बब्बर ने बीजेपी की केंद्र सरकार को फैंटसी सरकार और PM नरेंद्र मोदी को फैंटसी हीरो कहा। बब्बर ने कहा कि केंद्र की वर्तमान सरकार अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। उत्तर प्रदेश चुनावों में राहुल और अखिलेश की युवा जोड़ी पर PM मोदी के जादू के भारी पड़ने के सवाल पर बीजेपी और PM मोदी पर हमला बोलते हुए राज बब्बर ने कहा, ‘आपने कहा कि इतना कुछ होने के बाद भी जनता ने इन्हें वोट दिया। ये फैंटसी सरकार है इस सरकार का मुखिया (नरेंद्र मोदी) एक फैंटसी हीरो की तरह बातें कर रहा है।’ (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

'ट्रिपल तलाक एक सामाजिक बुराई है, इबादत का हिस्सा नहीं'

केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने सोमवार को कहा कि ट्रिपल तलाक के मुद्दे पर मोदी सरकार मुस्लिम महिलाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह 'नारी न्याय, नारी समानता और नारी गरिमा' का मुद्दा है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल तलाक एक संवैधानिक मुद्दा है, और इसका धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। बीजेपी के सीनियर मंत्री ने इस बात से साफ इंकार किया कि बीजेपी इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

'मोदी सरकार ने MUDRA स्कीम के जरिए 7 करोड़ लोगों को स्वरोजगार दिया'

केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि मोदी सरकार ने MUDRA स्कीम के जरिए 7 करोड़ से ज्यादा लोगों को स्वरोजगार दिया है। वह ‘संवाद’ में मोदी सरकार के 3 साल के शासनकाल में नौकरी के पर्याप्त मौके उपलब्ध न करा पाने की आलोचना पर जवाब दे रही थीं। ईरानी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री MUDRA मिशन के अंतर्गत 7 करोड़ से ज्यादा लोगों को लोन दिया गया है। ये लोन व्यवसाय करने के लिए दिया गया है और इस लोन को लोग चुकाएंगे भी। जिन लोगों ने इस योजना से लाभ लिया है उन्होंने खुद के रोजगार के अलावा संभवत: दूसरों को भी नौकरियां दी हैं।’ (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत