1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कैसे साथ आए चंद्रबाबू और पवन कल्याण, NDA में कैसे हुई वापसी? CM नायडू ने किया खुलासा

कैसे साथ आए चंद्रबाबू और पवन कल्याण, NDA में कैसे हुई वापसी? CM नायडू ने किया खुलासा

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Oct 18, 2024 06:23 pm IST,  Updated : Oct 18, 2024 06:35 pm IST

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को पवन कल्याण और भाजपा के साथ गठबंधन पर खुल कर बात की है। उन्होंने पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी पर भी जमकर निशाना साधा है।

चंद्रबाबू नायडू ने एनडीए में वापसी पर किया खुलासा।- India TV Hindi
चंद्रबाबू नायडू ने एनडीए में वापसी पर किया खुलासा। Image Source : ANI

आंध्र प्रदेश में हाल ही में हुए लोकसभा और विधानसभा चुनाव में आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (TDP), जन सेना और भारतीय जनता पार्टी ने एक तरफा जीत हासिल की थी। चुनाव से पहले टीडीपी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू और जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण एक साथ आए थे। इसके बाद भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन NDA में भी टीडीपी की वापसी हुई। अब आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बात की है। उन्होंने बताया है कि ये सब कैसे मुमकिन हुआ है।

TDP ने राष्ट्रीय राजनीति में अहम भूमिका अदा की- सीएम नायडू

आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को टीडीपी के सांसदों, विधायकों और विधानपार्षदों की बैठक को संबोधित किया। नायडू ने इस दौरान कहा कि तेलुगु देशम पार्टी क्षेत्रीय दल है इसके बावजूद भी पार्टी ने राष्ट्रीय राजनीति और केंद्र में सरकार के गठन में अहम भूमिका अदा की है। नायडू ने कहा कि हम पहले केंद्रीय भूमिका में थे और हमने राष्ट्रीय मोर्चा और संयुक्त मोर्चा का गठन किया और केंद्र में सरकार बनाने में योगदान दिया। चंद्रबाबू नायडू ने बैठक में ये भी कहा कि टीडीपी ने बिना किसी पद की लालसा के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार 6 साल तक समर्थन दिया था।

कैसे साथ आए टीडीपी, भाजपा और जन सेना?

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले टीडीपी के साथ गठबंधन के लिए नायडू से संपर्क किया था। सीएम नायडू ने कहा कि पवन कल्याण ये नहीं चाहते थे कि चुनाव में वोट विपक्षी दलों में बंट जाए। नायडू ने बताया कि आगे चलकर भाजपा ने टीडीपी से संपर्क कर उनसे एनडीए में शामिल होने का अनुरोध किया।

आंध्र प्रदेश पर 10.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज- नायडू

बैठक में सीएम नायडू ने पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी पर भी निशाना साधा। नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश पर 10.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से दी गई मदद के कारण आंध्र प्रदेश इस परिस्थिति से निपटने में सक्षम है, नहीं तो ये स्थिति और खराब हो सकती थी। नायडू ने आगे ये भी बताया कि पीएम मोदी ने चंडीगढ़ में एनडीए की बैठक में 5 घंटे तक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव के लिए तैयार है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- 'दुबई में दाऊद इब्राहिम से मिले थे शरद पवार', प्रकाश आंबेडकर ने लगाया बड़ा आरोप

8 बार विधायक रहे नेता को मायावती ने BSP से निकाला, 'अनुशासनहीनता' के चलते हुई कार्रवाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत