1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'हैदराबाद में इस बार ओवैसी का किला ध्वस्त होना तय', बीजेपी उम्मीदवार माधवी लता का दावा

'हैदराबाद में इस बार ओवैसी का किला ध्वस्त होना तय', बीजेपी उम्मीदवार माधवी लता का दावा

 Published : Apr 11, 2024 08:37 am IST,  Updated : Apr 11, 2024 08:48 am IST

Lok sabha elections 2024: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन औवेसी के खिलाफ माधवी पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। माधवी को बीजेपी का फायरब्रांड नेता माना जाता है।

बीजेपी उम्मीदवार माधवी लता - India TV Hindi
बीजेपी उम्मीदवार माधवी लता Image Source : PTI

हैदराबाद में असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ चुनाव लड़ रहीं बीजेपी उम्मीदवार माधवी लता ने दावा किया है कि वो चुनाव जीत रही हैं। उन्होंने बुधवार को कहा कि हम इस बार निश्चित रूप से हैदराबाद में चुनाव जीतेंगे। हैदराबाद में बीजेपी कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन में माधवी ने कहा कि मैं पार्टी कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और भागीदारी से उत्साहित हूं। माधवी ने कहा कि आज इस सम्मेलन में तीन से चार हजार पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। उनकी ऊर्जा और उत्साह मुझे विश्वास दिलाते हैं कि हम इस बार निश्चित रूप से हैदराबाद जीतेंगे। 

बीजेपी की फायरब्रांड नेता हैं माधवी लता

एआईएमआईएम प्रमुख और चार बार के सांसद असदुद्दीन औवेसी के खिलाफ माधवी पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। माधवी को बीजेपी का फायरब्रांड नेता माना जाता है। 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने एआईएमआईएम प्रमुख के खिलाफ भगवंत राव को मैदान में उतारा था लेकिन वो 2,82,186 वोट से हार गए थे। उन्हें कुल वोटों में से सिर्फ 26 फीसदी वोट मिले थे और भाजपा उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे थे। 

असदुद्दीन ओवैसी पर साधा निशाना

असदुद्दीन ओवैसी को कथित तौर पर मिली धमकी पर माधवी ने कहा कि हो सकता है कि ओवैसी को अपने ही लोगों से ऐसी धमकियां मिली हों। कोई असदुद्दीन ओवैसी को जान से मारने की धमकी कैसे दे सकता है? क्या किसी ने उन पर पथराव किया है या उन पर हमला किया है? ये सब सिर्फ सोशल मीडिया पर है। ये लोग एसी कमरों में बैठते हैं और कुछ भी कहते हैं। मैं कैसे मानूं कि उसे धमकियां मिल रही हैं? मुझे भी सोशल मीडिया पर हजारों धमकियां मिलती रही हैं। 

मुस्लिम समुदाय को ईद की बधाई दी

ईद के अवसर पर मुस्लिम समुदाय को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए माधवी लता ने कहा, "मैं अपने सभी मुस्लिम भाइयों और बहनों और विशेष रूप से मेरे सभी पसमांदा भाइयों और बहनों को ईद की शुभकामनाएं देती हूं। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत