नोएडा: चार वर्षीय एक बच्ची के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले आठवीं कक्षा के एक छात्र द्वारा बलात्कार करने की हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। मामला उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव का है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित बच्ची को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Related Stories
थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत ने बताया कि सर्फाबाद गांव में रहने वाले मुकेश (काल्पनिक) ने थाना सेक्टर-49 में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी चार वर्षीय बेटी कल अपने घर के आंगन में खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला 16 वर्षीय एक छात्र उसे बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गया। आरोप है कि उसने बच्ची के साथ मारपीट की और बलात्कार किया। पीड़ित बच्ची को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
रेप की कई ऐसी बर्बर घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस तरह की घटना दुबारा न हो इसलिए सरकार ने लगातार कानून में कई बदलाव भी किए ताकि आरोपियों को कठोर से कठोर सजा मिले। लेकिन इस तरह की घटनाओं पर अब तक लगाम नहीं लगा है।