होली जैसे त्योहार पर घर-घर में गुजिया बनती है। एक बार में ज्यादा मात्रा में तैयार कर ली जाए तो उसे सुरक्षित रखने का सवाल भी उठता है। खासकर जब गुजिया में मावा, नारियल या ड्राई फ्रूट्स की स्टफिंग हो, तो उसकी शेल्फ लाइफ को लेकर लोग असमंजस में रहते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि गुजिया को फ्रिज में रखना सही है या नहीं और उसे कितने समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
गुजिया को फ्रिज में रखा जा सकता है। गुजिया मावा या खोए से बनी है, तो उसे लंबे समय तक कमरे के तापमान पर छोड़ना ठीक नहीं है, खासकर गर्मी के मौसम में। मावा जल्दी खराब हो सकता है, जिससे गुजिया का स्वाद और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए ऐसी गुजिया को एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में रखना सुरक्षित विकल्प है।
फ्रिज में रखी मावा वाली गुजिया लगभग 4 से 5 दिन तक अच्छी रहती है। वहीं अगर गुजिया की स्टफिंग सूखी है, जैसे सूजी और ड्राई फ्रूट्स वाली, तो वह 7 से 10 दिन तक आराम से चल सकती है। हालांकि, यह जरूरी है कि गुजिया को स्टोर करने से पहले पूरी तरह ठंडा कर लिया जाए। गरम या हल्की गुनगुनी गुजिया को सीधे कंटेनर में बंद करने से उसमें नमी बन सकती है, जिससे वह जल्दी नरम या खराब हो सकती है।
किसमें करें गुजिया को स्टोर?
गुजिया को स्टोर करते समय एयरटाइट डिब्बा इस्तेमाल करें। चाहें तो कंटेनर में नीचे टिशू पेपर बिछा सकते हैं, ताकि नमी सोख ली जाए। फ्रिज में रखते समय उसे ऐसी जगह रखें जहां ज्यादा नमी न हो।
जब भी गुजिया खाने के लिए निकालें, तो पहले उसे 10–15 मिनट सामान्य तापमान पर आने दें। अगर आप चाहें तो हल्का सा माइक्रोवेव में गरम कर सकते हैं, जिससे उसका स्वाद और हल्की कुरकुराहट वापस आ जाती है।
सही तरीके से स्टोर की गई गुजिया कई दिनों तक स्वादिष्ट बनी रह सकती है। बस थोड़ी सी सावधानी मिठास लंबे समय तक बरकरार रखी जा सकती है।
संपादक की पसंद