1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. 45 दिन में शख्स ने घटाया 12 किलो वजन, कोई शॉर्टकट नहीं, ये 2 चीजें मोटापा कम करने में बनीं गेम चेंजर

45 दिन में शख्स ने घटाया 12 किलो वजन, कोई शॉर्टकट नहीं, ये 2 चीजें मोटापा कम करने में बनीं गेम चेंजर

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Apr 27, 2026 11:14 am IST,  Updated : Apr 27, 2026 11:14 am IST

Weight Loss In One Month: 1 महीने में 10-12 किलो वजन घटाना काफी मुश्किल है, लेकिन अगर सही डाइट, लाइफस्टाइल और रुटीन को फॉलो किया जाए तो मोटापा तेजी से कम हो सकता है। हाल ही में एक शख्स ने 45 दिनों में 12 किलो वजन कम किया है। जानिए उनकी फिटनेस जर्नी कैसी रही।

मृदुल अरोड़ा ने 45 दिन में घटाया 12 किलो वजन- India TV Hindi
मृदुल अरोड़ा ने 45 दिन में घटाया 12 किलो वजन Image Source : INDIA TV

बढ़ता मोटापा शरीर में कई बीमारियों का कारण बनता जा रहा है। इसलिए वजन कंट्रोल रखना बहुत जरूरी है। जिन लोगों का वजन जरूरत से ज्य़ादा है उन्हें कम करने के लिए डाइट, एक्सरसाइज और हेल्दी लाइफस्टाइल को अपनाना चाहिए। हालांकि एक बार वजन बढ़ जाए तो कम करना मुश्किल हो जाता है। लेकिन दिल्ली में रहने वाले 31 साल के मृदुल अरोड़ा ने 45 दिनों में अपना 12 किलो वजन घटाकर साबित कर दिया है कि शिद्दत से किसी चीज को पाने की कोशिश की जाए तो कोई भी आपको उसे हासिल करने से नहीं रोक सकता है।

45 दिन में 12 किलो घटाया वजन

जहां एक ओर कई लोग अपनी सेहत और फिटनेस को लेकर संघर्ष करते हैं, वहीं नई दिल्ली के रहने वाले और पेशे से मार्केटिंग फील्ड में काम करने वाले मृदुल अरोड़ा ने बताया कि अनुशासन और सही योजना के बल पर महज 45 दिनों में उन्होंने 12 किलोग्राम वजन कम कर लिया है। मृदुल अरोड़ा एक 3 साल के बच्चे के पिता भी हैं, जब उन्होंने अपनी फिटनेस यात्रा की शुरुआत की थी तब उनका वजन 97 किलोग्राम था, जो अब घटाकर 85 किलोग्राम हो गया है। खास बात यह है कि यह बदलाव उन्होंने केवल 45 दिनों में हासिल किया।

शॉर्टकट नहीं, सही लाइफस्टाइल और रुटीन का कमाल

मृदुल अरोड़ा अपनी इस सफलता का श्रेय किसी शॉर्टकट को नहीं, बल्कि अनुशासित दिनचर्या और सही योजना को देते हैं। अरोड़ा बताते हैं, 'मैं अक्सर थकान और नींद महसूस करता था और ऊर्जा की कमी रहती थी। तब मुझे एहसास हुआ कि अब बदलाव जरूरी है।' अपने मार्केटिंग अनुभव का उपयोग करते हुए उन्होंने वजन घटाने को भी एक अभियान की तरह लिया। उन्होंने कहा 'मैंने इसे एक कैंपेन की तरह ट्रीट किया। जब आप अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर लेते हैं और लगातार काम करते हैं, तो परिणाम अपने आप मिलने लगते हैं'।

प्रोटीन और एक्सरसाइज बढाने पर दिया जोर 

उनकी दिनचर्या में लो-कैलोरी डाइट, प्रोटीन की मात्रा बढ़ाना, प्रोसेस्ड फूड से दूरी और नियमित शारीरिक गतिविधि शामिल थी। तुरंत परिणाम पाने के बजाय उन्होंने ऐसे हेल्दी हैबिट्स पर ध्यान दिया जिन्हें लंबे समय तक अपनाया जा सके। स्वास्थ्य विशेषज्ञ हमेशा तेजी से वजन घटाने को लेकर सतर्क रहने की सलाह देते हैं और उचित मार्गदर्शन लेने पर जोर देते हैं। उनका मानना है कि संतुलित आहार और नियमित व्यायाम ही वजन कंट्रोल रखने की कुंजी हैं।

वजन घटाना रोज की मेहनत

मृदुल लगातार अपना वजन ट्रैक करते रहे जिससे वजन, ऊर्जा और फिटनेस स्तर में हो रहे बदलावों को नियमित रूप से जानने से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रही। उन्होंने कहा, 'शुरुआती सफलता ने मुझे और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अब सब कुछ अनुशासन और निरंतरता बनाए रखने पर निर्भर करता है।' वजन घटाने की जर्नी में ये बात सबसे ज्यादा असरदार साबित होती है। आपके रोज़ाना के छोटे-छोटे प्रयास से आप अंत में बड़ा और मनचाहा रिजल्ट हासिल कर सकते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि, आपको किसी बड़े या कठोर कदम की जरूरत नहीं, सिर्फ निरंतरता जरूरी है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल