1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. क्या कभी घर पर बनाई है कुरकुरी प्याज की कचौड़ी, फॉलो करें ये बेहद आसान रेसिपी

क्या कभी घर पर बनाई है कुरकुरी प्याज की कचौड़ी, फॉलो करें ये बेहद आसान रेसिपी

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : Jun 01, 2025 05:16 pm IST,  Updated : Jun 01, 2025 05:16 pm IST

क्या आपको प्याज की कचौड़ी खाना पसंद है? अगर हां, तो अब आपको प्याज की कचौड़ी खाने के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं है, आप घर पर भी इस डिश को बना सकते हैं।

प्याज की कचौड़ी कैसे बनाएं?- India TV Hindi
प्याज की कचौड़ी कैसे बनाएं? Image Source : INDIA TV

प्याज की कचौड़ी बनाने के लिए आपको दो कप मैदा, तेल, नमक, पानी, 3 बारीक कटे हुए मीडियम साइज्ड प्याज, एक छोटी स्पून सौंफ, एक छोटी स्पून धनिया पाउडर, हाफ छोटी स्पून अमचूर पाउडर, हाफ छोटी स्पून लाल मिर्च पाउडर, एक-चौथाई छोटी स्पून हल्दी, दो बारीक कटी हुई हरी मिर्च, एक छोटी स्पून कद्दूकस की हुई अदरक, दो बड़ी स्पून बेसन और बारीक कटे हुए हरे धनिए की जरूरत पड़ेगी। अगर आप चार लोगों के लिए प्याज की कचौड़ी बनाना चाहते हैं, तो इतनी सामग्री काफी रहेगी।

पहला स्टेप- सबसे पहले एक परात में मैदा, नमक और तेल निकालकर इन्हें अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए। अब थोड़ा-थोड़ा पानी एड करते हुए आटा गूंथ लीजिए।

दूसरा स्टेप- आटे को सेट होने के लिए छोड़ दीजिए। इसके बाद एक कड़ाही में दो बड़ी स्पून तेल डालकर गर्म कर लीजिए।

तीसरा स्टेप- अब आपको इसी कड़ाही में सौंफ, अदरक, हरी मिर्च और प्याज को गोल्डन ब्राउन होने तक भून लेना है। इसके बाद कड़ाही में बेसन एड कर इसे धीमी आंच पर लगभग 2 मिनट तक भून लीजिए।

चौथा स्टेप- अब आपको कड़ाही में धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च, अमचूर और नमक डालकर मिक्स कर लेना है। आखिर में इस मिक्सचर में हरा धनिया एड कर इसे ठंडा होने के लिए छोड़ दीजिए।

पांचवां स्टेप- अब आपको आटे की लोइयां बनानी हैं और फिर इनके बीच में प्याज की स्टफिंग भरनी है। स्टफिंग भरने के बाद लोइयों को बंद करके हल्के हाथों से थोड़ा सा बेल लीजिए।

छठा स्टेप- कड़ाही में तेल गर्म कर कचौड़ियों को धीमी आंच पर गोल्डन और कुरकुरा होने तक फ्राई कर लीजिए। अब आप गर्मागर्म कचौड़ियों को हरी चटनी या फिर चाय के साथ सर्व कर सकते हैं।

घर पर बनाई गई प्याज की कचौड़ियां बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को काफी ज्यादा पसंद आने वाली हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल