1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. लौकी से बनाएं पनीर जैसे मुलायम कोफ्ते, सब्जी खाते ही उंगलियां चाटते रह जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

लौकी से बनाएं पनीर जैसे मुलायम कोफ्ते, सब्जी खाते ही उंगलियां चाटते रह जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Apr 10, 2026 10:49 am IST,  Updated : Apr 10, 2026 10:49 am IST

Lauki Kofta Recipe: पकौड़े की शेप में लौकी का कोफ्ता तो आपने कई बार बनाया होगा, लेकिन एक बार पनीर की तरह कोफ्ता बनाकर जरूर ट्राई करें। ये सब्जी खाने में बहुत टेस्टी और कोफ्ता एकदम मुलायम बनता है। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

लौकी के कोफ्ते रेसिपी- India TV Hindi
लौकी के कोफ्ते रेसिपी Image Source : YOUTUBE: @CHEFBHUPIKITCHEN

क्या आप भी लौकी को देखकर मुंह बनाने लगते हैं। लौकी की सब्जी का स्वाद जिन लोगों को पसंद नहीं आता उन्हें भी लौकी के कोफ्ते पसंद आते हैं। वैसे तो लोग पकौड़े की तरह लौकी के कोफ्ते बनाकर खाते हैं, लेकिन आज हम आपको पनीर की शेप में लौकी के कोफ्ते बनाना बता रहे हैं। इस तरह लौकी के कोफ्ते बनाकर खाएंगे तो खाते ही रह जाएंगे। कुछ लोग तो ये पता भी नहीं कर पाएंगे कि ये लौकी के कोफ्ते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

लौकी के पनीर जैसे कोफ्ते बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले लौकी को बारीक साइड से कद्दूकस कर लें। अब सोयाबीन की बड़ी लें और उसे अच्छी तरह से धो लें। सोयाबीन की बड़ी को गर्म पानी में 10 मिनट के लिए भिगो दें। इसे मिक्सी में दरदरा पीस लें और कद्दूकस की गई लौकी में मिला दें। अब इसमें थोड़ा बेसन मिला दें, बेसन सिर्फ बाइंडिंग के लिए मिलाएं। 

दूसरा स्टेप- अब इसमें काली मिर्च, नमक, हरी मिर्च, हींग, जीरा, साबुत धनिया हल्का क्रश करके और कश्मीरी लाल मिर्च डालें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें। अब एक केक टिन या कोई ऊंचे साइड वाली थाली लें उसमें नीचे तेल या घी लगा दें। अब इसमें तैयार किया गया लौकी, बेसन और सोयाबीन बड़ी वाला पेस्ट डालकर सेट कर दें।

तीसरा स्टेप- कड़ाही में पानी भरें और उसके ऊपर कोई छन्नी या स्टैंड रख दें। ऊपर से लौकी वाले पेस्ट से भरा टिन रख दें और इसे मीडियम फ्लेम पर 20 मिनट के लिए पकाएं। इससे लौकी अंदर तक अच्छी तरह पक जाएगी। अब इसे निकाल लें और ठंडा होने दें। अब शार्प चाकू से इसे पनीर जैसे पीस में काट लें।

चौथा स्टेप- अब आप इन्हें नॉर्मल ऐसे ही बिना फ्राई किए ग्रेवी में डाल सकते हैं। अगर स्वाद थोड़ा बढ़ाना है तो इन कटे हुए पीस को तेल में डीप फ्राई कर लें। हाई फ्लेम पर आपको इन्हें डीप फ्राई करके निकालना है। अब कोफ्ते के लिए ग्रेवी तैयार करनी है।

पांचवा स्टेप- तेल गर्म करें उसमें तेज पत्ता, लौंग, हरी इलायची, बड़ी इलायची, दालचीनी का टुकड़ा और काली मिर्च डाल दें। 3-4 हरी मिर्च बीच से कट करके डाल दें। 2 बारीक कटी प्याज डालें और इसे सुनहरा भून लें। इसमें पिसे हुए 3 टमाटर का पेस्ट, नमक, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मसाले के तेल छोड़ने तक पकाएं। अब अपने हिसाब से पानी डालकर ग्रेवी में उबाल आने दें।

छठा स्टेप- इसमें फ्राई किए गए लौकी के पनीर जैसे कोफ्ते डालें। इन्हें सिर्फ मसाला अंदर जाने तक पकाएं। स्वादिष्ट सब्जी बनकर तैयार है। इसे आप हरा धनिया डालकर गार्निश करें। एक बार इस तरह बने लौकी के कोफ्ते खाएंगे तो फिर बार-बार ऐसे ही बनाकर खाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल