1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बिना दाल-चावल भिगोए बनाएं मार्केट जैसा क्रिसपी डोसा, नाश्ते में स्वाद लेकर खाएंगे सभी, नोट कर लें रेसिपी

बिना दाल-चावल भिगोए बनाएं मार्केट जैसा क्रिसपी डोसा, नाश्ते में स्वाद लेकर खाएंगे सभी, नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Mar 08, 2026 10:15 am IST,  Updated : Mar 08, 2026 10:15 am IST

घर पर डोसा बनाना लोगों को काफी मुश्किल काम लगता है। क्योंकि इसके लिए पहले आपको चावल और दाल को भिगोकर पीसना पड़ता है। लेकिन यहां हम आपको डोसा की ऐसी रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं जिसे आप बिना चावल-दाल भिगोए तैयार कर सकते हैं।

बिना दाल-चावल भिगोए बनाएं मार्केट जैसा क्रिसपी डोसा- India TV Hindi
बिना दाल-चावल भिगोए बनाएं मार्केट जैसा क्रिसपी डोसा Image Source : FREEPIK

डोसा एक ऐसी डिश है जिसे सिर्फ साउथ इंडियन ही नहीं बल्कि नॉर्थ इंडियन्स भी बड़े शौक से खाते हैं। लेकिन जब बात घर पर डोसा बनाने की होती है तो लोग कतराते हैं। दरअसल डोसा बनाने के लिए दाल-चावल को कई घंटे भिगोकर छोड़ना पड़ता है। और फिर उसे पीसकर बैटर तैयार करना होता है। लेकिन सायद आपको मालूम नहीं है कि आप बिना दाल-चावल के भी मार्केट जैसा क्रिसपी डोसा बना सकते हैं। ये डोसा सिर्फ 15 मिनट में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके लिए आपको बस सूजी, थोड़ा आटा, बेसन और दही की जरूरत होगी। तो चलिए जानते हैं मार्केट जैसा कुरकुरा डोसा बनाने का आसान तरीका। 

सूजी से बनाएं डोसा बैटर

बैटर तैयार करने के लिए सबसे पहले  एक कप सूजी लें और इसे मिक्सर जार में डाल दें। अब इसमें थोड़ा सा गेहूं का आटा और थोड़ा बेसन मिलाएं। इन सभी को हल्का पानी डालकर पीस लें। पीसने के बाद इसमें आधा कप दही मिलाएं। बैटर तैयार होने के बाद इसे 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। 

तैयार करें मसाले वाला आलू
डोसे को खास बनाता है उसमें भरा मसाले वाला आलू। इसे तैयार करने के लिए कड़ाही में थोड़ा सा तेल डालें। जब तेल गर्म हो जाए तो इसमें राई डाले। इसके बाद थोड़ा सा चना दाल और करी पत्ता डालें। अब इसमें बारीक कटा प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें। फिर इसमें मसाले डालें और जब मसाला भून जाए तो इसमें उबले हुआ आलू डालें और इसे मसालों के साथ अच्छी तरह भूनें। इस बात का ध्यान रखें कि आलू को मैश करके डालना है। 

तवे पर ऐसे बनाएं कुरकुरा डोसा
कुरकुरा डोसा बनाने के लिए लोहे का तवा लें और उसे अच्छी तरह गर्म कर लें। तवा गर्म होने के बाद इसमें थोड़ा तेल लगाकर ग्रीस कर लें। इसके बाद तवे पर हल्का सा पानी छिड़कें, ताकि तापमान बैलेंस हो जाए। अब एक करछी बैटर तवे पर डालें और उसे गोल घुमाते हुए पतला फैलाएं। इसके बाद इसपर थोड़ा घी डालें और धीमी आंच पर इसे पकाएं। कुछ ही मिनटों में डोसा सुनहरा और कुरकुरा हो जाएगा। फिर इसमें आलू की स्टफिंग भरें और गर्मागर्म सर्व करें। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल