1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मिलावट बहुत हो रही है इसलिए घर में बना लें पनीर, 1 लीटर दूध में कितना पनीर बनता है, अपना लें ये तरीका

मिलावट बहुत हो रही है इसलिए घर में बना लें पनीर, 1 लीटर दूध में कितना पनीर बनता है, अपना लें ये तरीका

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Oct 24, 2025 08:44 am IST,  Updated : Oct 24, 2025 08:44 am IST

How To Make Paneer At Home : इस वक्त पनीर में सबसे ज्यादा मिलावट हो रही है। कई तरह के सिंथेटिक पाउडर से पनीर बनाया जा रहा है। नकली पनीर खाने से अच्छा है कि आप घर में पनीर बनाकर खाएं। जानिए 1 लीटर दूध से कितना पनीर बनेगा और घर में पनीर बनाने का आसान तरीका क्या है?

घर में पनीर कैसे बनाएं- India TV Hindi
घर में पनीर कैसे बनाएं Image Source : FREEPIK

पनीर खाने में स्वादिष्ट लगता है और सेहत के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन अगर नकली पनीर खा रहे हैं तो ये सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। इन दिनों मार्केट में नकली पनीर खूब बिक रहा है। FSSAI ने पिछले कुछ दिनों में पनीर के सेंपल लिए जिसमें 80 प्रतिशत पनीर नकली और मिलावटी पाया गया। ऐसे में अगर आप पनीर खाने के शौकीन हैं तो घर में दूध से पनीर बनाकर खाएं। घर में आसानी से पनीर बन जाता है। खासतौर से पराठे और भुजिया के लिए पनीर की कोई शेप नहीं चाहिए होती है। इसलिए आप दूध से घर पर पनीर बनाकर इस्तेमाल करें। पनीर को अच्छी शेप देने के लिए किसी कपड़े में बांधकर रख दें। इससे पनीर एकदम अच्छा सेट हो जाएगा। आइये जानते हैं 1 लीटर दूध में कितना पनीर बनेगा और घर में पनीर बनाने का आसान तरीका क्या है?

1 लीटर दूध से घर में कैसे बनाएं पनीर

पहला स्टेप- पनीर बनाने के लिए आप 1 लीटर दूध लें। अगर मलाई वाला पनीर खाना है तो फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें और लो फैट दूध से कम फैट वाला पनीर बनेगा। दूध को किसी पैन में डालकर गर्म होने के लिए रख दें। जब दूध में उबाल आ जाए तो इसमें व्हाइट विनेगर यानि सफेद सिरका या फिर नींबू का रस डालकर 1 उबाल लगा दें।

दूसरा स्टेप- दूध को फाड़ने के लिए सिरका, टाटरी या नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं। नींबू के रस से आसानी से पनीर बन जाता है। अब दूध को अच्छी तरह से फटने तक चलाएं और गैस की फ्लेम बंद कर दें। अब किसी मलमल के कपड़े को छन्नी पर लगाएं और फटा हुआ दूध उसमें डालकर छान लें। सारा पीना निकल जाएगा और पनीर रह जाएगा।

तीसरा स्टेप- कपड़े में पड़े पनीर को 2 बार साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इससे पनीर में नींबू या सिरका वाली खटास और खुशबू नहीं रहेगी। अब कपड़े को टाइट घुमाते हुए पूरा पानी निकाल दें। अब पनीर को कपड़े सहित किसी प्लेट पर रखें और ऊपर से कोई भारी चीज रख दें। 1-2 घंटे पनीर को सेट होने के लिए रख दें।

चौथा स्टेप- कपड़े में से पनीर को निकाल लें। तैयार है घर का बना एकदम टेस्टी, ताजा और बिना मिलावट वाला पनीर। 1 लीटर दूध में करीब 200 ग्राम पनीर बन जाता है। आप इससे पनीर के पराठे, पनीर भुजिया या पनीर की कोई भी सब्जी आसानी से बना सकते हैं। इस पनीर को खाने से शरीर को फायदा मिलेगा और आप मिलावटी खाने से बच जाएंगे।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल