गर्मियों में ठंडा-ठंडा दही भल्ला खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है। आप घर में आसानी से बाजार जैसे नरम दही भल्ले बनाकर खा सकते हैं। हालांकि इसके लिए सही दाल का चुनना बहुत जरूरी है। कई बार दही भल्ला अदंर से टाइट हो जाते हैं जिससे बाजार वाला स्वाद नहीं मिल पाता। अगर आप भी दही भल्ला लवर हैं और घर में बनाने की सोच रहे हैं तो जान लें दही भल्ला बनाने में कौन सी दाल इस्तेमाल की जाती है। अलग-अलग दाल की सही मात्रा क्या है। दाल को कितनी देर भिगोना चाहिए और दही भल्ला की दाल को कैसा पीसना चाहिए?
दही भल्ला कौन सी दाल से बनता है?
दही भल्ला बनाने में हलवाई और शेफ उड़द दाल और मूंग दाल का इस्तेमाल करते हैं। उड़द दाल फर्मेंटेशन और अच्छा टेक्सचर देती है, वहीं मूंग दाल भल्ले को सॉफ्ट बनाती है। दही भल्ले में धुली उड़द और धुली मूंग दाल का इस्तेमाल किया जाता है। आपको हलवाई जैसे दही भल्ले बनाने के लिए बराबर मात्रा में दोनों दाल लें। हालांकि कुछ शेफ 1 भाग उड़द दाल और 3/4 भाग मूंग दाल के अनुपात को सही बताते हैं। अब आप इनमें से दाल का कोई भी अनुपात ले सकते हैं।
दही भल्ला के लिए दाल को कितनी देर भिगोएं?
दही भल्ला बनाने के लिए दाल को कम से कम 5-6 घंटे भिगोना जरूरी है। दाल को पूरी रात भिगोएंगे तो भी अच्छा है। इससे दाल अच्छी तरह फूल जाएगी और पीसने में आसानी होगी। आप चाहें तो दोनों दाल को मिक्स करके भी भिगो सकते हैं।
दही भल्ला के लिए कैसी दाल पीसते हैं?
दही भल्ला के लिए दाल को एकदम गाढ़ा और बारीक पीसते हैं। ध्यान रखें कि दाल में पानी की मात्रा बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। भीगने पर दाल अपने आप में ही काफी पानी सोख लेती है। अगर दाल पीसने में परेशानी हो रही है तो आप 1-2 चम्मच पानी डाल सकते हैं। मिक्सी में दाल को बीच-बीच में चलाते हुए बारीक पीसकर तैयार कर लें।
दही भल्ला के लिए दाल को कितनी देर फेंटते हैं?
दाल को जितना ज्यादा फेंटेंग दही भल्ला उतने ही सॉफ्ट बनकर तैयार होंगे। किसी बाउल में पिसी हुई दाल डालें और उसे एक ही दिशा में लगातार घुमाते हुए फेंटते रहें। जब दाल वजन में हल्की लगने लगे और रंह सफेद सा होने लगे तो समझ लें दाल भल्ले के लिए तैयार है। अब 1 कटोरी पानी में थोड़ी सी दाल डालकर चेक करें। अगर दाल पानी के ऊपर तैर रही है तो समझ लें कि दाल अच्छी तरह से फूल गई है और अब आप इससे दही भल्ला बना सकते हैं।
इन बातों को ध्यान में रखते हुए अगर आप दही भल्ला बनाएंगे तो एकदम रई जैसे मुलायम बनेंगे। इस तरह बने दही भल्ले को आप हींग और नमक के गर्म पानी में डाल दें। इससे दही भल्ला और मुलायम हो जाएंगे और हींग का स्वाद इनके फ्लेवर को कई गुना बढ़ा देगा।