1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 'उस पार्टी का भविष्य क्या होगा जिसके नेता सिर पर पहियों वाला सूटकेस लेकर चलते हैं', शिवराज ने कसा राहुल पर तंज

'उस पार्टी का भविष्य क्या होगा जिसके नेता सिर पर पहियों वाला सूटकेस लेकर चलते हैं', शिवराज ने कसा राहुल पर तंज

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Sep 23, 2023 11:42 pm IST,  Updated : Sep 24, 2023 12:07 am IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस पार्टी का भविष्य क्या होगा जिसके नेता अपने सिर पर पहियों वाला सूटकेस लेकर चलते हैं।

शिवराज सिंह चौहान, सीएम, मध्य प्रदेश- India TV Hindi
शिवराज सिंह चौहान, सीएम, मध्य प्रदेश Image Source : PTI

भोपाल:मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी के नेता पहियों वाला सूटकेस अपने सिर पर लेकर चलते हैं उस पार्टी का भविष्य क्या होगा।  दरअसल, राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर कुलियों के साथ बातचीत की थी और तस्वीरों में उन्हें कुलियों की ट्रेडमार्क लाल शर्ट में अपने सिर पर पहियों वाला सूटकेस ले जाते हुए देखा गया था। 

मैं हैरान हूं-शिवराज

शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘मैं हैरान हूं। उस पार्टी के भविष्य का क्या होगा जिसके नेता अपने सिर पर पहियों वाला सूटकेस (खींचने के बजाय) लेकर चलते हैं।’ चौहान ने संसद में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद कुंवर दानिश अली के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा सदस्य रमेश बिधूड़ी की आपत्तिजनक टिप्पणी पर भी नाराजगी जताई। चौहान ने कहा, ‘भाजपा ऐसे किसी भी अशोभनीय व्यवहार के खिलाफ है। उन्हें (पार्टी द्वारा) नोटिस दिया गया है।’’ चौहान ने दावा किया कि कांग्रेस की ‘जन आक्रोश यात्रा’ विपक्षी दल के प्रति लोगों के गुस्से का सामना कर रही है।

दिग्विजय सिंह की तस्वीरें प्रचार से गायब-शिवराज

 चौहान ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की तस्वीरें प्रचार से गायब हैं क्योंकि लोग अभी भी उनके (सिंह) कुशासन के बारे में जानते हैं जब वह 1993 और 2003 के बीच मुख्यमंत्री थे। उन्होंने दावा किया, ‘‘कमलनाथ भी यात्रा से गायब हैं। मप्र के लोग कांग्रेस से बेहद नाराज हैं क्योंकि कमलनाथ सरकार (जो दिसंबर 2018 और मार्च 2020 के बीच सत्ता में थी) ने आदिवासियों और महिलाओं के लिए भाजपा की कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया था।’’ 

कांग्रेसी एक-दूसरे से लड़ रहे हैं-शिवराज

चौहान ने दावा किया कि भाजपा ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ निकाल रही है क्योंकि उसे लोगों से प्यार और आशीर्वाद मिला है, जबकि कांग्रेस ने ‘जन आक्रोश यात्रा’ शुरू की है क्योंकि विपक्षी दल को केवल उनसे गुस्सा मिला है। चौहान ने आरोप लगाया, ‘अपनी यात्रा के दौरान कांग्रेसी एक-दूसरे से लड़ रहे हैं और यहां तक कि बंदूकें भी प्रदर्शित की जा रही हैं।’ कमलनाथ ने पूर्व में कहा था कि कांग्रेस की यात्रा का उद्देश्य चौहान नीत सरकार के कुशासन के कारण लोगों के दर्द और पीड़ा को व्यक्त करना है। (इनपुट-एजेंसी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।