महाराष्ट्र के नागपुर में चेन स्नैचर रोज अलग-अलग नए तरीके से चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। चेन स्नैचर ने इन दिनों नागपुर में एक नया तरीका ढूंढ निकाला है। वो तरीका ये है कि स्नैचर कुरियर बॉय बनकर लोगों के घर में जाते हैं और महिलाओं को सामान देते वक्त या कागज पर हस्ताक्षर करने का बहाना बनाकर चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे है।
क्या है पूरा मामला?
नागपुर के अजनी पुलिस स्टेशन क्षेत्र से एक ऐसी ही सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नागपुर के चिंता मनि नगर के मनमोहन अपार्टमेंट में रहने वाली अश्विनी मेश्राम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि एक शातिर चेन स्नैचर ने खुद को कुरियर बॉय बताकर उनके घर का दरवाजा खटखटाया। उसने दस्तावेज पर साइन करने का बहाना बनाकर महिला को पास बुलाया और अचानक झपट्टा मारते हुए उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया।
सामने आया वीडियो
लूट की इस पूरी वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि व्हाइट स्कूटी से हेलमेट पहना हुआ एक व्यक्ति मुख्य गेट पर पहुंचता है और महिला को एक लिफाफा देता है। उसके बाद वह महिला को साइन करने के लिए कागज देता है। जैसे ही महिला साइन करने के लिए नीचे झुकती है, कुरियर बॉय चेन स्नैच करके दो पहिया वाहन से रफूचक्कर हो जाता है। महिला ने पूरा प्रीकॉशन भी लिया था। वह गेट के बाहर नहीं गई थी। गेट अंदर से बंद था, कुरियर बॉय गेट के बाहर था। लेकिन जैसे ही महिला कागज पर साइन करने के लिए झुकती है, वह गेट के गेप से हाथ डालकर चेन खींचकर भाग जाता है।
पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की?
पीड़िता अश्विनी मेश्राम ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी है। सूचना मिलते ही अजनी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।
ये भी पढ़ें- चेहरे पर स्प्रे डाला और चला दी गोली, लूट ले गए 50 लाख रुपए, वारदात को सुनकर आपके भी उड़ जाएंगे होश