भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र विधान परिषद की 16 स्थानीय निकाय सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन सभी सीटों पर एक साथ 18 जून 2026 को मतदान होगा, जबकि नतीजे 22 जून को घोषित किए जाएंगे। आयोग के मुताबिक, इन 16 सीटों पर सदस्यों का कार्यकाल अलग-अलग तारीखों पर खत्म हुआ था। सोलापुर और अहमदनगर सीट जनवरी 2022 में ही खाली हो गई थी। वहीं ठाणे सीट जून 2022 और जलगांव, सांगली-सतारा, नांदेड़ समेत 6 सीटें दिसंबर 2022 में खाली हुई थीं। औरंगाबाद-सह-जालना सीट पर सदस्य का कार्यकाल 29 अगस्त 2025 को पूरा हो गया है।
चुनाव का शेड्यूल
जानकारी के अनुसार, चुनाव आयोग 25 मई को चुनाव की अधिसूचना जारी करेगा। उम्मीदवार 1 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 2 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 4 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 18 जून, गुरुवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 22 जून, सोमवार को होगी। पूरी प्रक्रिया 25 जून तक पूरी कर ली जाएगी।
नागपुर MLC उपचुनाव 18 जून को
भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र विधान परिषद की नागपुर स्थानीय निकाय सीट पर उपचुनाव का एलान कर दिया है। इस सीट के लिए 18 जून 2026 को मतदान होगा, जबकि नतीजे 22 जून को आएंगे। यह सीट भाजपा नेता चंद्रशेखर कृष्णराव बावनकुले के महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद 23 नवंबर 2024 को खाली हुई थी। बावनकुले का MLC के तौर पर कार्यकाल 1 जनवरी 2028 तक था।
ECI ने बताया उपचुनाव का नियम
ECI के नियमों के मुताबिक स्थानीय निकाय कोटे की सीट पर उपचुनाव तभी होता है जब 75% स्थानीय निकाय काम कर रहे हों और 75% मतदाता पद पर हों। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, महाराष्ट्र ने आयोग को सूचित किया कि अब ये शर्तें पूरी हो गई हैं। इसके बाद ही उपचुनाव का फैसला लिया गया।