1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में SIR के बाद 2 करोड़ से ज्यादा वोटर क्यों हुए लिस्ट से बाहर? कब तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति?

महाराष्ट्र में SIR के बाद 2 करोड़ से ज्यादा वोटर क्यों हुए लिस्ट से बाहर? कब तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति?

 Reported By: Sachin Chaudhary Written By: Subhash Kumar
 Published : Sep 01, 2026 11:50 am IST,  Updated : Sep 01, 2026 11:58 am IST

महाराष्ट्र में SIR के बाद पहली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी हो गई है। जानकारी के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया के बाद महाराष्ट्र की पहली ड्राफ्ट मतदाता सूची से 2 करोड़ से अधिक नाम बाहर कर दिए गए हैं।

Maharashtra SIR voter list- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PTI

महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया के बाद पहली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। इस ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से 2 करोड़ से अधिक नाम बाहर कर दिए गए हैं। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR)-2026 के तहत राज्य की सभी 288 विधानसभा सीटों की ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 अगस्त 2026 को जारी कर दी है। एसआईआर शुरू होने से पहले महाराष्ट्र में कुल 9,78,54,049 मतदाता थे। संशोधित ड्राफ्ट मतदाता सूची में इनमें से 7,71,65,562 मतदाताओं (78.86%) को शामिल किया गया है।

महाराष्ट्र में कितने वोटर्स हैं?

  • पुरुष मतदाता: 3,95,89,905
  • महिला मतदाता: 3,75,72,570
  • थर्ड जेंडर मतदाता: 3,087

क्यों वोटर लिस्ट से बाहर हुए लोग?

चुनाव आयोग की ओर से महाराष्ट्र में जारी की गई SIR की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल 2,06,88,487 मतदाता (21.14%) ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। चुनाव आयोग द्वारा इसके पीछे मुख्य कारण बताए गए हैं:

1. मतदाता अपने दर्ज पते पर नहीं मिले या अनुपस्थित पाए गए।

2. वे अपने पंजीकृत पते से दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके थे।
3. मतदाता की मृत्यु हो चुकी थी।
4. नाम किसी अन्य जगह दर्ज था या डुप्लीकेट एंट्री थी।
5. मतदाता ने एन्यूमरेशन फॉर्म भरने या जमा करने से इनकार किया या अन्य कारणों से फॉर्म जमा नहीं हुआ।

ऐसे मतदाताओं की जिला-वार सूची और नाम शामिल न होने का कारण संबंधित वेबसाइटों पर उपलब्ध कराया गया है। निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक का समय दिया है। राज्य में सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 288 EROs और 7,000 से अधिक Assistant Electoral Registration Officers (AEROs) नियुक्त किए गए हैं। आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली में भी SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई जिसमें 47.7 लाख लोगों के नाम हटाए गए हैं।

अंतिम मतदाता सूची कब जारी होगी?

चुनाव आयोग ने जानकारी दी है कि महाराष्ट्र में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर हुए लोगों के दावे, आपत्तियों और नोटिस से जुड़ी प्रक्रिया 31 अगस्त से 29 अक्टूबर 2026 के बीच पूरी की जाएगी। निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार, महाराष्ट्र की अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

ये भी पढ़ें- मुंबई में ऑटो-रिक्शा और टैक्सी का सफर हुआ महंगा, आज से लागू होंगी नई दरें

मुंबई में CNG फिर महंगी, जानें अब क्या है नया रेट; ऑटो और टैक्सी चालकों की मुश्किलें बढ़ीं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।