1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'फडणवीस को दिखा देंगे कि मराठा क्या होते हैं', मनोज जरांगे पाटिल ने दी चेतावनी

'फडणवीस को दिखा देंगे कि मराठा क्या होते हैं', मनोज जरांगे पाटिल ने दी चेतावनी

 Published : Sep 02, 2025 12:58 pm IST,  Updated : Sep 02, 2025 02:56 pm IST

मराठा समुदाय को आरक्षण दिलाने और इसे ओबीसी श्रेणी में शामिल कराने की मांग को लेकर अनशन कर रहे मनोज जरांगे पाटिल ने बड़ा बयान दिया है। जरांगे ने कहा है कि वह सरकार के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं लेकिन उन्होंने सीएम फडणवीस को चेतावनी भी दी है।

Manoj Jarange Patil devendra Fadnavis- India TV Hindi
मनोज जरांगे ने दी फडणवीस को चेतावनी। Image Source : PTI

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में अनशन कर रहे हैं। मराठों के लिए आरक्षण की मांग को लेकर उनके अनशन का ये पांचवां दिन है। इस बीच मंगलवार को मुंबई पुलिस ने मनोज जरांगे को नोटिस जारी किया है और आजाद मैदान को खाली करने को कहा है। मनोज जरांगे पाटिल ने कहा है कि वह सरकार के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं लेकिन इसके साथ ही जरांगे ने फडणवीस को चेतावनी भी दी है।

मर भी जाऊं मैदान से नहीं उठूंगा- जरांगे

मुंबई के आजाद मैदान में मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारंगे पाटिल ने कहा- "महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मेरी विनती है कि सोमवार को होने वाले जन आक्रोश को आप बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे। अच्छा होगा अगर प्रदर्शनकारी शनिवार और सोमवार को मुंबई आएं। अगर मैं मर भी जाऊं, तो इस आज़ाद मैदान से नहीं उठूंगा। अगर मैं मर भी जाऊं, तो आप चुप रहना।"

'फडणवीस को दिखा देंगे कि...'

आजाद मैदान में मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारंगे पाटिल ने कहा- "मैं सरकार और फडणवीस से कहता हूं कि जब तक हमारी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हम मुंबई नहीं छोड़ेंगे। राज्य के सभी मराठा प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामले वापस लें, हम पर हमला करने वाले पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करें और उनके खिलाफ मामला दर्ज करें। देवेंद्र फडणवीस को पुलिस के ज़रिए लड़कों पर लाठीचार्ज कराने के बारे में सोचना भी नहीं चाहिए। वरना हम देवेंद्र फडणवीस को दिखा देंगे कि मराठा क्या होते हैं।"

मांगें पूरी होने तक मुंबई नहीं छोड़ेंगे- जरांगे

मराठों के लिए आरक्षण की मांग को लेकर अनशन कर रहे आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने मंगलवार को कहा कि वह सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं लेकिन जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, वह मुंबई नहीं छोड़ेंगे। मराठा आरक्षण की मांग को लेकर दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में जरांगे का अनशन मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी है।

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल को मुंबई पुलिस द्वारा भेजे गए नोटिस पर उनके वकील आशीष गायकवाड़ का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा- "नोटिस में कहा गया है कि कुछ नियमों का उल्लंघन हुआ है। हम अदालत के सामने पेश करेंगे कि क्या वाकई कोई उल्लंघन हुआ है। कल और परसों उनकी तबियत थोड़ी खराब थी। हम आज उनका पक्ष जानने आए थे। लोग उनका सहयोग कर रहे हैं। सड़कें और मैदान 95% खाली हैं।"

ये भी पढ़ें- मनोज जरांगे पाटिल का बयान, कहा- 'सरकार से बातचीत के लिए हैं तैयार, मांगें पूरी होने तक नहीं छोड़ेंगे मुंबई'

'आजाद मैदान तुरंत खाली करो', मुंबई पुलिस ने मनोज जरांगे पाटिल को जारी किया नोटिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।