1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई: मॉल में लगी आग 56 घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई जा सकी

मुंबई: मॉल में लगी आग 56 घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई जा सकी

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 25, 2020 01:48 pm IST,  Updated : Oct 25, 2020 01:48 pm IST

मुंबई के सिटी सेंटर मॉल में लगी आग को करीब 56 घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने रविवार तड़के बुझा दिया।

मुंबई: मॉल में लगी आग 56 घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई जा सकी- India TV Hindi
मुंबई: मॉल में लगी आग 56 घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई जा सकी Image Source : PTI

मुंबई: मुंबई के सिटी सेंटर मॉल में लगी आग को करीब 56 घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने रविवार तड़के बुझा दिया। अधिकारी ने बताया कि यह हाल के समय में शायद शहर का सबसे लंबा दमकल अभियान है। इस माह के शुरू में दक्षिण मुंबई के कटलरी बाजार में लगी आग को बुझाने में करीब 45 घंटे लगे थे। 

मध्य मुंबई के सिटी सेंटर मॉल की दूसरी मंजिल पर बृहस्पतिवार रात आठ बजकर करीब 50 मिनट पर आग लग गई थी। एक दमकल कर्मी ने बताया, " यह स्तर-पांच (भीषण) आग थी और इसे रविवार सुबह करीब पांच बजे बुझा दिया गया।" 

उन्होंने बताया कि अभियान में दमकल के करीब 14 इंजन और 17 बड़े टैंकरों का इस्तेमाल किया गया। अधिकारी ने बताया कि जगह को ठंडा करने का अभियान चल रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पांच दमकल कर्मी जख्मी हो गए, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। 

अधिकारी ने बताया कि आग को पहले मामूली माना गया था लेकिन बाद में यह इमारत के अन्य हिस्सों में भी फैल गई और इसने भीषण रूप अख्तियार कर लिया। उन्होंने बताया कि पड़ोस के एक आवासीय परिसर से एहतियाती उपाय के तहत 3500 से ज्यादा लोगों को निकाला गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।