1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अक्‍टूबर में निर्यात 17.86 प्रतिशत बढ़कर हुआ 26.98 अरब डॉलर, व्‍यापार घाटा बढ़कर हुआ 17.13 अरब डॉलर

अक्‍टूबर में निर्यात 17.86 प्रतिशत बढ़कर हुआ 26.98 अरब डॉलर, व्‍यापार घाटा बढ़कर हुआ 17.13 अरब डॉलर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Nov 15, 2018 06:47 pm IST,  Updated : Nov 15, 2018 06:47 pm IST

देश का निर्यात अक्टूबर महीने में एक साल पहले इसी माह की तुलना में 17.86 प्रतिशत बढ़कर 26.98 अरब डॉलर के बराबर रहा।

export- India TV Hindi
export Image Source : EXPORT

नई दिल्‍ली। देश का निर्यात अक्‍टूबर महीने में एक साल पहले इसी माह की तुलना में 17.86 प्रतिशत बढ़कर 26.98 अरब डॉलर के बराबर रहा। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार इस बार अक्‍टूबर में आयात भी 17.62 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 44.11 अरब डॉलर रहा। आलोच्य माह के दौरान व्यापार घाटा 17.13 अरब डॉलर रहा। 

हालांकि, अक्‍टूबर में सोने का आयात 42.9 प्रतिशत घटकर 1.68 अरब डॉलर रह गया है। इसके बावजूद भी व्यापार घाटे में बढ़ोतरी हुई है। अक्टूबर, 2017 में व्यापार घाटा 14.61 अरब डॉलर था। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-अक्‍टूबर की अवधि में निर्यात 13.27 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 191 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

इस दौरान आयात 16.37 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 302.47 अरब डॉलर रहा। इस तरह चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों अप्रैल से अक्‍टूबर के दौरान व्यापार घाटा बढ़कर 111.46 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 91.28 अरब डॉलर था। 

समीक्षाधीन महीने में कच्चे तेल का आयात 52.64 प्रतिशत बढ़कर 14.21 अरब डॉलर पर पहुंच गया। गैर तेल आयात छह प्रतिशत की वृद्धि के साथ 29.9 अरब डॉलर रहा। सितंबर में निर्यात सालाना आधार पर 2.15 प्रतिशत घटा था। 

भारत का व्‍यापार घाटा सितंबर महीने में घटकर पांच माह के निचले स्‍तर पर आ गया था। निर्यात और आयात के बीच अंतर को व्‍यापार घाटा कहा जाता है। सितंबर में भारत का व्‍यापार घाटा 13.98 अरब डॉलर था, अगस्‍त में व्‍यापार घाटा 17.39 अबर डॉलर रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा