1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत के साथ ट्रेड डील होने से बढ़ेगा अमेरिकी कृषि उत्पादों का निर्यात, जानें क्या बोले अमेरिकी सांसद

भारत के साथ ट्रेड डील होने से बढ़ेगा अमेरिकी कृषि उत्पादों का निर्यात, जानें क्या बोले अमेरिकी सांसद

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Feb 03, 2026 10:33 am IST,  Updated : Feb 03, 2026 10:40 am IST

अमेरिका की कृषि सचिव ब्रुक रॉलिन्स ने अमेरिकी किसानों के लिए एक बार फिर काम करने के लिए ट्रंप को धन्यवाद दिया।

us tariff on india, us tariifs on india, us, india, donald trump, pm modi, trade deal, india-us trad- India TV Hindi
ट्रंप ने भारत के साथ ट्रेड डील का किया ऐलान Image Source : AP

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत के साथ घोषित ट्रेड डील से अमेरिका के कृषि उत्पादों का विशाल भारतीय बाजार में निर्यात होगा और ये समझौता रूसी आक्रामकता का मुकाबला करने में भी मदद करेगा। अमेरिकी सांसदों ने ये बात कही। सीनेट की विदेश संबंध समिति के अध्यक्ष सीनेटर जिम रिश ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट किया, ''भारत के साथ आज के व्यापार समझौते की शानदार उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को बधाई।'' सीनेटर जिम रिश ने भारत को अमेरिका का एक करीबी साझेदार बताते हुए कहा, ''इस नए समझौते के तहत भारत ने अमेरिकी सामान खरीदने का संकल्प लिया है। ये अमेरिका को रूसी आक्रामकता का मुकाबला करने और रूसी ऊर्जा क्षेत्र के लिए भारत के समर्थन को कम करके यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध को खत्म करने में मदद करेगा।'' 

कृषि सचिव ब्रुक रॉलिन्स ने ट्रंप को दिया धन्यवाद

अमेरिका की कृषि सचिव ब्रुक रॉलिन्स ने अमेरिकी किसानों के लिए एक बार फिर काम करने के लिए ट्रंप को धन्यवाद दिया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ''नया अमेरिका-भारत समझौता भारत के विशाल बाजार में अधिक अमेरिकी कृषि उत्पादों का निर्यात करेगा, जिससे कीमतें बढ़ेंगी और ग्रामीण अमेरिका में नकदी का प्रवाह होगा।'' 

ट्रंप ने भारत के साथ ट्रेड डील का किया ऐलान

बताते चलें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोमवार को भारत के साथ ट्रेड डील की घोषणा करते हुए टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का भी ऐलान किया था। ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद ये ऐलान किया था। ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पीएम मोदी रूस से कच्चे तेल की खरीद को रोकने के लिए सहमत हो गए हैं। इसके साथ ही पीएम मोदी अमेरिका और वेनेजुएला से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल खरीदने के लिए भी तैयार हो गए हैं।

25 प्रतिशत के अतिरिक्त टैरिफ पर क्या है अपडेट

बताते चलें कि डोनाल्ड ट्रंप ने अभी सिर्फ 25 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत किया है, जबकि रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से लगाया गया अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ अभी भी प्रभावी है। वाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिका, भारत पर रूसी तेल खरीदने के लिए लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ को भी हटा देगा क्योंकि भारत ने रूस से तेल की खरीद को कम किया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि 25 प्रतिशत के अतिरिक्त टैरिफ को हटाने के लिए भारत को रूस से कच्चे तेल की खरीद को पूरी तरह से बंद करना होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा