1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Price: फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले सोने में उछाल, एक झटके में दिखी 2600 रुपये की तेजी; जानिए 10 ग्राम का लेटेस्ट भाव

Gold Price: फेडरल रिजर्व के फैसले से पहले सोने में उछाल, एक झटके में दिखी 2600 रुपये की तेजी; जानिए 10 ग्राम का लेटेस्ट भाव

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Oct 29, 2025 06:24 pm IST,  Updated : Oct 29, 2025 06:24 pm IST

फेडरल रिजर्व की अहम बैठक से पहले सोने की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला है। दो दिन की लगातार गिरावट के बाद बुधवार को गोल्ड ने रफ्तार पकड़ी और निवेशकों को चौंका दिया।

गोल्ड में फिर जबरदस्त...- India TV Hindi
गोल्ड में फिर जबरदस्त उछाल Image Source : CANVA

सोना एक बार फिर चमक उठा है। फेडरल रिजर्व की पॉलिसी मीटिंग से पहले गोल्ड की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया। बुधवार को 10 ग्राम सोना 2600 रुपये की तेजी के साथ रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया। लगातार कई दिनों की गिरावट के बाद आई इस तेजी ने निवेशकों के चेहरे पर फिर मुस्कान लौटा दी है।

सोने की कीमत

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 2,600 रुपये चढ़कर 1,23,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (टैक्स सहित) पर पहुंच गया। मंगलवार को इसका भाव 1,21,200 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,21,800 रुपये से बढ़कर 1,24,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

चांदी में भी आई चमक, 6700 रुपये की लगाई छलांग

गोल्ड के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला। सफेद धातु 6700 रुपये बढ़कर 1,51,700 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। मंगलवार को यह 1,45,000 रुपये प्रति किलो के लेवल पर बंद हुई थी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते सोना-चांदी दोनों में तेजी आई है।

इंटरनेशनल बाजार में भी चमका गोल्ड

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने के दामों में तेजी दर्ज की गई। स्पॉट गोल्ड 77.26 डॉलर यानी करीब 1.95% चढ़कर 4,029.53 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। यह तीन दिन की गिरावट के बाद सोने का सबसे मजबूत रिबाउंड रहा। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट साउमिल गांधी के मुताबिक, फेडरल ओपन मार्केट कमिटी (FOMC) की बैठक से पहले निवेशक गोल्ड में फिर से दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इस समय गोल्ड 4000 डॉलर के साइकोलॉजिकल लेवल को दोबारा हासिल कर चुका है।

क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट्स?

मिराए एसेट शेयरखान के प्रमुख (कमोडिटीज और करेंसी) प्रवीन सिंह ने कहा कि फेड के आज रात के फैसले से पहले बाजार में यह उम्मीद है कि ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती होगी। हालांकि, अगर ऐसा होता है तो सोने की कीमतों को और सपोर्ट मिलेगा।

निवेशकों के लिए संकेत

डॉलर इंडेक्स में हल्की बढ़त के बावजूद, फेड की दर कटौती और अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड टेंशन में नरमी के संकेतों ने सोने को नई ताकत दी है। मौजूदा भू-राजनीतिक हालात और आर्थिक अनिश्चितता के दौर में, सोना एक बार फिर निवेशकों के लिए सबसे भरोसेमंद एसेट बनकर उभर रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा