1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 'प्याज की सप्लाई पर्याप्त, घबराने की जरूरत नहीं', केंद्र सरकार आज से दिल्ली में ₹35 kg बेचेगी प्याज

'प्याज की सप्लाई पर्याप्त, घबराने की जरूरत नहीं', केंद्र सरकार आज से दिल्ली में ₹35 kg बेचेगी प्याज

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Aug 27, 2026 12:27 pm IST,  Updated : Aug 27, 2026 12:28 pm IST

प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच दिल्ली के लोगों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने साफ किया है कि देश में प्याज की सप्लाई पर्याप्त है और आने वाले त्योहारी सीजन में भी इसकी कमी होने की आशंका नहीं है। सरकार ने बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री शुरू कर दी है।

प्याज की कीमतें- India TV Hindi
प्याज की कीमतें Image Source : ANI

प्याज की बढ़ती कीमतों ने अगर आपकी रसोई का बजट बिगाड़ दिया है, तो केंद्र सरकार की ओर से राहत की खबर है। सरकार ने साफ किया है कि देश में प्याज की कोई कमी नहीं है और आने वाले त्योहारी सीजन की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र ने बफर स्टॉक से प्याज बाजार में उतारना शुरू कर दिया है। दिल्ली में आज से उपभोक्ताओं को ₹35 प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराया जाएगा।

बुधवार को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत करीब ₹46.74 प्रति किलो रही। यह एक महीने पहले के मुकाबले लगभग 35 फीसदी और पिछले साल की तुलना में 63 फीसदी ज्यादा है। कीमतों में इस तेजी के बीच सरकार ने कहा कि फेस्टिव सीजन में मांग बढ़ने के कारण प्याज के दाम में सामान्य तौर पर कुछ बढ़ोतरी होती है। हालांकि, मौजूदा स्थिति पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है।

450 टन प्याज लेकर दिल्ली पहुंच रहा 'कांदा एक्सप्रेस'

दिल्ली में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने के लिए सरकार ने महाराष्ट्र के नासिक जिले के लासलगांव से विशेष मालगाड़ी 'कांदा एक्सप्रेस' रवाना की है। एशिया की सबसे बड़ी प्याज थोक मंडियों में शामिल लासलगांव से करीब 450 मीट्रिक टन प्याज लेकर 21 बोगियों वाली ट्रेन बुधवार दोपहर करीब 3:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। यह ट्रेन दिल्ली के आदर्शनगर स्टेशन पहुंचेगी। सरकार ने पहले 840 मीट्रिक टन प्याज भेजने की योजना बनाई थी, लेकिन पैकिंग पूरी नहीं होने के कारण लोडिंग में देरी हुई और अंततः करीब 450 मीट्रिक टन प्याज ही भेजा जा सका।

दिल्ली में 35 रुपये किलो मिलेगा प्याज

सरकार ने प्याज के बफर स्टॉक से दिल्ली में ₹35 किलो की दर से खुदरा बिक्री शुरू कर दी है। यह बिक्री NCCF और NAFED के मोबाइल वैन और रिटेल आउटलेट्स के अलावा सफाल और केंद्रीय भंडार के जरिए की जा रही है। NCCF के 90 आउटलेट और 40 मोबाइल वैन, NAFED के 13 आउटलेट और 50 मोबाइल वैन के जरिए प्याज बेचा जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली में करीब 100 केंद्रीय भंडार आउटलेट भी बिक्री में शामिल हैं।

कई शहरों तक पहुंचेगा सरकारी प्याज

सरकार के मुताबिक दिल्ली के अलावा चेन्नई, कोलकाता, एर्नाकुलम, गुवाहाटी, वाराणसी, लखनऊ, पटना, चंडीगढ़, जम्मू और अमृतसर जैसे प्रमुख शहरों में भी प्याज की आपूर्ति की जा रही है। सरकार ने बताया कि 2025-26 में देश में प्याज का उत्पादन करीब 307.37 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले साल के 307.67 लाख टन के लगभग बराबर है। सरकार के पास करीब 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक भी है।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- जनता के लिए राहत की बात! प्याज और चीनी की बढ़ती कीमत को लेकर दिल्ली सरकार ने ले लिया बड़ा फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा