1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सपाट बंद हुआ स्टॉक मार्केट! IT सेक्टर ने बचाई बाजार की लाज

दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सपाट बंद हुआ स्टॉक मार्केट! IT सेक्टर ने बचाई बाजार की लाज

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Jul 16, 2026 03:52 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 03:52 pm IST

भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को पूरे दिन उतार-चढ़ाव का माहौल रहा। कारोबार के दौरान कभी बाजार में तेजी दिखी तो कभी बिकवाली हावी रही। हालांकि दिन के अंत में सेंसेक्स लगभग सपाट स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में मामूली गिरावट दर्ज की गई।

सपाट बंद हुआ शेयर...- India TV Hindi
सपाट बंद हुआ शेयर बाजार Image Source : ANI

भारतीय शेयर बाजार के लिए आज का कारोबारी दिन (16 जुलाई) बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा। सुबह के सत्र में मजबूत शुरुआत करने के बाद, दिनभर बाजार में खरीदारों और बिकवालों के बीच रस्साकशी देखने को मिली। भारी उतार-चढ़ाव के बीच जहां एक ओर आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों ने बाजार को संभालने की पूरी कोशिश की, वहीं बैंकिंग और रियल्टी शेयरों में आई कमजोरी ने ऊपरी स्तरों पर दबाव बना दिया। नतीजतन, दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दिन के अंत में लगभग बिना किसी बड़े बदलाव के बिल्कुल सपाट बंद हुए।

बाजार के बंद होने पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स महज 1.44 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 77,186।87 के स्तर पर टिका रहा। दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 5.75 अंक या 0.02 प्रतिशत की बेहद हल्की गिरावट के साथ 24,072.75 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार के भीतर आज चौतरफा सुस्ती का माहौल रहा, जिसका अंदाजा एडवांस-डिक्लाइन रेशियो से लगाया जा सकता है। आज के कारोबार में जहां 1947 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, वहीं 2119 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए, जबकि 194 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।

IT और कंज्यूमर सेक्टर ने दिखाई ताकत, ये शेयर रहे टॉप गेनर्स

बाजार को बड़ी गिरावट से बचाने में आज सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और कंज्यूमर फोकस शेयरों की भूमिका सबसे अहम रही। इंटरग्लोब एविएशन (इंडीगो) का शेयर आज निफ्टी का टॉप गेनर रहा, जो 1.8 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। इसके बाद विप्रो में 1.7 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 1.6 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.6 प्रतिशत और मारुति सुजुकी में 1.4 प्रतिशत की मजबूत बढ़त देखने को मिली। क्षेत्रीय सूचकांकों की बात करें, तो निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा, जिसमें 1.5% की तेजी आई। इसके बाद निफ्टी मीडिया 1%, निफ्टी आईटी 0.7%, निफ्टी ऑटो 0.4% और निफ्टी एफएमसीजी 0.25% की बढ़त के साथ बंद हुए।

बैंकिंग और रियल्टी शेयरों में बिकवाली

बाजार पर दबाव बनाने में आज रियल्टी और बैंकिंग सेक्टर्स का हाथ रहा। निफ्टी रियल्टी आज सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला सेक्टर साबित हुआ, जिसमें 1% की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी पीएसयू बैंक 0.5% टूटा, जबकि निफ्टी मेटल, निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी बैंक प्रत्येक में 0,3% की कमजोरी देखी गई।

यह भी पढ़ें- FII इंवेस्टमेंट धीरे-धीरे करेगा वापसी, 1 साल में 10% तक चढ़ सकता है निफ्टी

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा