Sunday, March 01, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. AIR INDIA ने प्राइवेट एयरलाइंस बनने के बाद ली पहली ड्रीमलाइनर की डिलीवरी, विमान में हैं तीन क्लास

AIR INDIA ने प्राइवेट एयरलाइंस बनने के बाद ली पहली ड्रीमलाइनर की डिलीवरी, विमान में हैं तीन क्लास

Edited By: Sourabha Suman @sourabhasuman Published : Jan 08, 2026 03:08 pm IST, Updated : Jan 08, 2026 03:11 pm IST

7 जनवरी को अमेरिका के सिएटल स्थित बोइंग की एवरेट फैक्ट्री में इस विमान का टाइटल ट्रांसफर पूरा किया गया। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के निरीक्षण के बाद यह विमान अगले कुछ दिनों में भारत पहुंचेगा।

एयर इंडिया समूह के बेड़े में कुल 300 से अधिक विमान हैं।- India TV Paisa
Photo:ANI एयर इंडिया समूह के बेड़े में कुल 300 से अधिक विमान हैं।

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने निजीकरण के लगभग चार साल बाद अपना पहला बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान की डिलीवरी हासिल कर ली है। यह एयरलाइन के लिए फैक्ट्री से विशेष रूप से तैयार किया गया पहला 'लाइन-फिट' ड्रीमलाइनर है, जिसमें एयर इंडिया की जरूरतों के अनुसार इकोनॉमी, प्रीमियम इकोनॉमी और बिजनेस क्लास की आधुनिक सीटें लगाई गई हैं। एक अधिकारी ने बताया कि 7 जनवरी को अमेरिका के सिएटल स्थित बोइंग की एवरेट फैक्ट्री में इस विमान का टाइटल ट्रांसफर पूरा किया गया।

विमान अगले कुछ दिनों में भारत पहुंचेगा

खबर के मुताबिक, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के निरीक्षण के बाद यह विमान अगले कुछ दिनों में भारत पहुंचेगा। यह डिलीवरी टाटा समूह द्वारा जनवरी 2022 में एयर इंडिया के अधिग्रहण के बाद का महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इससे पहले एयरलाइन को आखिरी लाइन-फिट ड्रीमलाइनर अक्टूबर 2017 में मिला था, जब वह सरकारी स्वामित्व में थी।

कुल मिलाकर 52वीं डिलीवरी

यह नया विमान 2023 में ऑर्डर किए गए 220 बोइंग विमानों में से एयर इंडिया को मिलने वाला पहला वाइड-बॉडी विमान है और कुल मिलाकर 52वीं डिलीवरी। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस को अब तक 51 नैरो-बॉडी बोइंग 737-8 विमान प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें दिसंबर अंत में शामिल हुआ पहला लाइन-फिट विमान भी शामिल है। टाटा अधिग्रहण के बाद एयर इंडिया ने 350 एयरबस और 220 बोइंग विमानों का बड़ा ऑर्डर दिया था। एयरबस ऑर्डर से अब तक 6 A350 विमान बेड़े में शामिल हो चुके हैं। वर्तमान में एयर इंडिया के पास 26 बोइंग 787-8 और विलय हुई विस्तारा के 6 बोइंग 787-9 विमान पहले से मौजूद हैं।

बेड़े में कुल 300 से अधिक विमान 

एयर इंडिया समूह के बेड़े में कुल 300 से अधिक विमान हैं, जिनमें 185 एयर इंडिया के और शेष एयर इंडिया एक्सप्रेस के पास हैं। अधिकारी के अनुसार, रिफ्रेश्ड इंटीरियर वाले करीब एक दर्जन पुराने ड्रीमलाइनर 2026 तक चरणबद्ध रूप से सेवा में वापस आएंगे। पिछले साल नवंबर में एयर इंडिया के सीईओ कैंपबेल विल्सन ने घोषणा की थी कि समूह 2026 के अंत तक 26 नए वाइड-बॉडी और नैरो-बॉडी विमान शामिल करेगा और 81 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अपग्रेडेड विमानों से संचालित करेगा। यह डिलीवरी एयर इंडिया की बेड़े आधुनिकीकरण और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क विस्तार की दिशा में एक मजबूत कदम है।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement