1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Vande Bharat: उदयपुर-अहमदाबाद अब सिर्फ 4 घंटे में, नई वंदे भारत ट्रेन मंजूर, दो होंगी बंद

Vande Bharat: उदयपुर-अहमदाबाद अब सिर्फ 4 घंटे में, नई वंदे भारत ट्रेन मंजूर, दो होंगी बंद

 Published : Feb 10, 2026 11:26 pm IST,  Updated : Feb 10, 2026 11:54 pm IST

उत्तर पश्चिम रेलवे ने एक बयान में कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने उदयपुर सिटी–असारवा (अहमदाबाद) वंदे भारत ट्रेन को मंजूरी दी है।

इस नई वंदे भारत ट्रेन से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा- India TV Hindi
इस नई वंदे भारत ट्रेन से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। Image Source : रेल मंत्रालय एक्स पोस्ट

रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेल मंत्रालय ने राजस्थान और गुजरात को जोड़ने वाली एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दे दी है। मंत्रालय ने उदयपुर सिटी से असारवा (अहमदाबाद) के बीच नई सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दे दी है। यह ट्रेन उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा संचालित होगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और व्यापार को जबरदस्त बूस्ट देगी। ट्रेन की शुरुआत नियमित संचालन के तौर पर होने जा रही है। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

दो वंदे भारत ट्रेन सेवाएं इस हफ्ते से बंद होंगी 

indianexpress की खबर के मुताबिक,नई उदयपुर–असारवा वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत के साथ ही भारतीय रेलवे ने दो मौजूदा वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाओं को बंद करने का फैसला लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 20981/82 (उदयपुर सिटी–आगरा कैंट–उदयपुर सिटी) वंदे भारत एक्सप्रेस 15 फरवरी 2026 से बंद होगी और ट्रेन नंबर 20979/80 (उदयपुर सिटी–जयपुर–उदयपुर सिटी) वंदे भारत एक्सप्रेस 14 फरवरी 2026 से बंद हो जाएगी। 

उदयपुर–असारवा वंदे भारत ट्रेन: टाइमिंग और फ्रीक्वेंसी

उदयपुर सिटी–असारवा (अहमदाबाद)–उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में 6 दिन चलेगी (मंगलवार को छोड़कर)।

ट्रेन नंबर 26963 (उदयपुर सिटी से असारवा)
प्रस्थान: सुबह 6:10 बजे
आगमन: सुबह 10:25 बजे

ट्रेन नंबर 26964 (असारवा से उदयपुर सिटी)
प्रस्थान: शाम 5:45 बजे
आगमन: रात 10:00 बजे

कहां-कहां रुकेगी ट्रेन?

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुताबिक, यह वंदे भारत ट्रेन जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर रुकेगी। उदयपुर–असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस की अधिकतम रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी। यह ट्रेन यात्रियों को तेज, आरामदायक और प्रीमियम यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।

वंदे भारत एक्सप्रेस भारतीय रेलवे की एक अत्याधुनिक, सेमी-हाई स्पीड और स्वदेशी ट्रेन है, जिसे खासतौर पर तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है। वंदे भारत एक्सप्रेस देश के कई प्रमुख शहरों जैसे दिल्ली, वाराणसी, भोपाल, अहमदाबाद, जयपुर, उदयपुर, मुंबई, चेन्नई समेत कई रूट्स पर संचालित हो रही है। रेलवे ने हाल ही में पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की भी शुरुआत की है। आने वाले दिनों में और भी अलग-अलग रूट पर इसे चलाने की तैयारी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा