1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पाकिस्तान ने भारतीय जहाजों के लिए एयरस्पेस बैन को 24 जुलाई तक बढ़ाया, अप्रैल 2025 से ही बंद है हवाई क्षेत्र

पाकिस्तान ने भारतीय जहाजों के लिए एयरस्पेस बैन को 24 जुलाई तक बढ़ाया, अप्रैल 2025 से ही बंद है हवाई क्षेत्र

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jun 17, 2026 06:59 pm IST,  Updated : Jun 17, 2026 06:59 pm IST

पाकिस्तान द्वारा एयरस्पेस को लंबे समय तक बंद रखने से भारतीय एयरलाइन कंपनियों की ऑपरेशनल लागत बढ़ने की आशंका है।

pakistan, airspace, indian aircrafts, indian airline companies, india-pakistan war- India TV Hindi
पाकिस्तान ने 24 जुलाई तक बढ़ाया एयरस्पेस बैन को Image Source : AKASA AIR

पाकिस्तान ने बुधवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए भारतीय जहाजों के लिए अपने एयरस्पेस पर लगाई गई रोक को एक महीने के लिए और बढ़ा दिया है। अब भारतीय जहाज आने वाली 24 जुलाई तक पाकिस्तानी एयरस्पेस का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। बताते चलें कि पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के साथ बढ़े तनाव की वजह से पाकिस्तान ने पिछले साल अप्रैल में भारतीय हवाई जहाजों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था।

24 जुलाई को सुबह 4:59 बजे तक लागू रहेगी रोक

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने आज जारी किए गए एक नोटिस में कहा, "भारतीय सिविल और मिलिट्री विमानों पर लगी रोक 16 जून को शाम 5:50 बजे से 24 जुलाई को सुबह 4:59 बजे तक लागू रहेगी।"

22 अप्रैल को आतंकियों ने पहलगाम में की थी 26 लोगों की हत्या 

पिछले साल 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने पहलगाम में परिवार के साथ छुट्टियां मना रहे लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी ज्यादा बढ़ गया था। पाकिस्तान द्वारा भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस बंद करने के बाद भारत ने भी 30 अप्रैल को पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था। इसके कुछ दिनों बाद ही भारत ने पाकिस्तान में पनप रहे आतंकियों के खिलाफ 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की थी।

दोनों देशों के बीच अभी भी नहीं सुधरे राजनयिक संबंध

हालांकि, पिछले साल की तुलना में अब दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव काफी कम हुआ है। लेकिन, दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं और दोनों पक्ष संकट के दौरान शुरू किए गए जवाबी कदम उठा रहे हैं।

एयरलाइन कंपनियों को होगा नुकसान

पाकिस्तान द्वारा एयरस्पेस को लंबे समय तक बंद रखने से भारतीय एयरलाइन कंपनियों की ऑपरेशनल लागत बढ़ने की आशंका है। इनमें से कई कंपनियों को मध्य एशिया, यूरोप, पश्चिम एशिया और उत्तरी अमेरिका के डेस्टिनेशन तक जाने के लिए लंबे रूट लेने पड़ रहे हैं और इसमें ज्यादा समय भी लग रहा है। बताते चलें कि उत्तर भारत से उड़ान भरने वाली कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स पाकिस्तान के एयरस्पेस से होकर गुजरती थीं।

ये भी पढ़ें- 

अकासा एयर ने मुंबई और नोएडा के बीच शुरू की फ्लाइट, नवी मुंबई एयरपोर्ट के लिए मिलेगी सेवाएं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा