1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. Groww IPO को निवेशकों का धमाकेदार सपोर्ट, आखिरी दिन 17.60 गुना हुआ सब्सक्राइब, जानें शेयर कब होगी लिस्टिंग

Groww IPO को निवेशकों का धमाकेदार सपोर्ट, आखिरी दिन 17.60 गुना हुआ सब्सक्राइब, जानें शेयर कब होगी लिस्टिंग

 Published : Nov 07, 2025 09:39 pm IST,  Updated : Nov 07, 2025 09:40 pm IST

संस्थागत निवेशकों (क्यूआईबी) की तरफ से रही, जिनका हिस्सा 22.02 गुना सब्सक्राइब हुआ। गैर-संस्थागत निवेशकों को 14.20 गुना और रिटेल निवेशकों (आरआईआई) को 9.43 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

कंपनी ने अपने शेयरों के लिए ₹95 से ₹100 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।- India TV Hindi
कंपनी ने अपने शेयरों के लिए ₹95 से ₹100 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। Image Source : FREEPIK

ऑनलाइन स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म Groww की पैरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को निवेशकों की जबरदस्त मांग मिली है।

₹6,632 करोड़ के इस इश्यू को शुक्रवार को बंद होने तक 17.6 गुना सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ। पीटीआई की खबर के मुताबिक, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी को कुल 6,41,86,96,200 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि ऑफर में केवल 36,47,76,528 शेयर उपलब्ध थे।

संस्थागत निवेशकों की भारी दिलचस्पी

सबसे अधिक मांग संस्थागत निवेशकों (क्यूआईबी) की तरफ से रही, जिनका हिस्सा 22.02 गुना सब्सक्राइब हुआ। गैर-संस्थागत निवेशकों को 14.20 गुना और रिटेल निवेशकों (आरआईआई) को 9.43 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। इससे पहले सोमवार को कंपनी ने एंकर निवेशकों से ही ₹2,984 करोड़ जुटा लिए थे।

IPO का प्राइस बैंड और मूल्यांकन

कंपनी ने अपने शेयरों के लिए ₹95 से ₹100 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस आधार पर बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स का मूल्यांकन करीब ₹61,700 करोड़ (लगभग 7 अरब अमेरिकी डॉलर) बैठता है। आईपीओ में ₹1,060 करोड़ के फ्रेश इश्यू और 55.72 करोड़ शेयरों की ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) शामिल है।

आईपीओ से जुटाई गई राशि का उपयोग

कंपनी जुटाई गई पूंजी को तकनीकी विकास, व्यापार विस्तार और रणनीतिक अधिग्रहणों में लगाने की योजना बना रही है। ₹225 करोड़ ब्रांड बिल्डिंग और परफॉर्मेंस मार्केटिंग पर खर्च होंगे। ₹205 करोड़ एनबीएफसी इकाई ग्रो क्रेडिटसर्व टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड (जीसीएस) में पूंजी वृद्धि के लिए निवेश किए जाएंगे। ₹167.5 करोड़ ग्रो इन्वेस्ट टेक प्राइवेट लिमिटेड को मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी के विस्तार के लिए दिए जाएंगे। ₹152.5 करोड़ कंपनी के क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को मज़बूत करने पर खर्च किए जाएंगे। बाकी राशि अधिग्रहण और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों में उपयोग होगी।

कंपनी की पृष्ठभूमि और निवेशक

बेंगलुरु मुख्यालय वाली यह कंपनी पीक XV पार्टनर्स, टाइगर कैपिटल और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला जैसे दिग्गज निवेशकों द्वारा समर्थित है। कंपनी ने मई 2025 में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास कॉन्फिडेंशियल प्री-फाइलिंग रूट के माध्यम से ड्राफ्ट पेपर दायर किए थे, जिसे अगस्त 2025 में मंजूरी मिली। यह प्रक्रिया कंपनियों को IPO विवरण को शुरुआती चरणों में गोपनीय रखने की अनुमति देती है और अब भारतीय स्टार्टअप्स के बीच लोकप्रिय होती जा रही है।

भारत की अग्रणी स्टॉक ब्रोकरेज फर्म

2016 में स्थापित Groww आज भारत की सबसे बड़ी स्टॉक ब्रोकरेज कंपनी बन चुकी है। जून 2025 तक इसके 1.26 करोड़ से अधिक सक्रिय ग्राहक हैं और यह 26% से अधिक बाजार हिस्सेदारी रखती है। कंपनी के शेयरों की स्टॉक मार्केट लिस्टिंग 12 नवंबर को होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा