1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: मांग कमजोर पड़ने से सोना हुआ सस्‍ता, भाव में आई 235 रुपए की गिरावट

Gold rate today: मांग कमजोर पड़ने से सोना हुआ सस्‍ता, भाव में आई 235 रुपए की गिरावट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Nov 16, 2018 03:29 pm IST,  Updated : Nov 16, 2018 03:29 pm IST

स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की सुस्त मांग से दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 235 रुपए टूटकर 32,015 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।

gold- India TV Hindi
gold Image Source : GOLD

नई दिल्‍ली। स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की सुस्त मांग से दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 235 रुपए टूटकर 32,015 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की छिटपुट पूछताछ से चांदी 37,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। 

कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं तथा फुटकर विक्रेताओं की मांग घटने से मुख्य रूप से सोने में गिरावट आई। हालांकि, वैश्विक बाजार के मजबूत रुख से यह गिरावट सीमित रही। उन्होंने कहा कि रुपए में मजबूती से आयात सस्ता हुआ है। इस वजह से भी बहुमूल्य धातुओं में गिरावट आई। 

वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,216.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी भी 0.14 प्रतिशत मजबूत होकर 14.39 डॉलर प्रति औंस रही। अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया दिन में कारोबार के दौरान 25 पैसे की बढ़त के साथ 71.72 रुपए प्रति डॉलर पर पहुंच गया। 

दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 235-235 रुपए टूटकर क्रमश: 32,015 रुपए और 31,865 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। गुरुवार को सोना 350 रुपए प्रति दस ग्राम मजबूत हुआ था। गिन्नी के भाव 24,800 रुपए प्रति आठ ग्राम के स्तर पर स्थिर बने रहे।

चांदी हाजिर छिटपुट पूछताछ के बीच 37,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 147 रुपए की बढ़त के साथ 36,818 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए। चांदी सिक्का का भाव लिवाल 73,000 रुपए और बिकवाल 74,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहा।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा