1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: आज 220 रुपए प्रति दस ग्राम महंगा हुआ सोना, चांदी में भी आई 500 रुपए की तेजी

Gold rate today: आज 220 रुपए प्रति दस ग्राम महंगा हुआ सोना, चांदी में भी आई 500 रुपए की तेजी

 Edited By: Abhishek Shrivastava
 Published : Mar 07, 2018 03:56 pm IST,  Updated : Mar 07, 2018 03:56 pm IST
gold- India TV Hindi
gold

नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख तथा स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की लिवाली बढ़ने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 220 रुपए की बढ़त के साथ 31,670 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं का उठाव बढ़ने से चांदी भी 500 रुपए की तेजी के साथ 39,900 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।  

कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह इस्पात और एल्युमीनियम पर आयात शुल्क लगाने के अपने फैसले पर कायम रहेंगे। इससे डॉलर कमजोर हुआ और वैश्विक बाजारों में सोने में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना कल 1.09 प्रतिशत के लाभ से 1,334.20 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी भी1.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16.22 डॉलर प्रति औंस रही। उन्होंने कहा कि इसके अलावा घरेलू बाजार में स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की मांग बढ़ने से भी सोने में तेजी आई। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 220-220 रुपए की बढ़त के साथ क्रमश: 31,670 रुपए और 31,520 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गई। आठ ग्राम की गिन्नी का भाव 24,800 रुपए पर स्थिर रहा।  

चांदी हाजिर 500 रुपए की बढ़त के साथ 39,900 रुपए और साप्ताहिक डिलिवरी 480 रुपए की बढ़त के साथ 39,240 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी सिक्का लिवाल 74,000 रुपए और बिकवाल 75,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर कायम रहा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा