1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold rate today: ईद पर सोने की कीमतों में आई 390 रुपए की गिरावट, चांदी भी हुई 1050 रुपए सस्‍ती

Gold rate today: ईद पर सोने की कीमतों में आई 390 रुपए की गिरावट, चांदी भी हुई 1050 रुपए सस्‍ती

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 16, 2018 04:49 pm IST,  Updated : Jun 16, 2018 04:49 pm IST

विदेशों में कमजोर रुख और उच्‍च स्‍तर पर स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की ओर से खरीदारी घटने से आज सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 390 रुपए घटकर 31,800 रुपए प्रति दस ग्राम रह गई। वहीं दूसरी ओर चांदी भी 42,000 रुपए से नीचे आ गया।

gold on eid- India TV Hindi
gold on eid Image Source : GOLD ON EID

नई दिल्‍ली। विदेशों में कमजोर रुख और उच्‍च स्‍तर पर स्‍थानीय ज्‍वेलर्स की ओर से खरीदारी घटने से आज सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 390 रुपए घटकर 31,800 रुपए प्रति दस ग्राम रह गई। वहीं दूसरी ओर चांदी भी 42,000 रुपए से नीचे आ गया। औद्योगिक इकाईयों और सिक्‍का निर्माताओं के कमजोर उठान की वजह से चांदी आज 1050 रुपए टूटकर 41,350 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि ताजा घटनाक्रम के तहत अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते तनाव की वजह से निवेशकों ने सोने में अपनी लॉन्‍ग पोजीशन को खत्‍म किया है जिसकी वजह से वैश्विक बाजार में कीमती धातु की कीमतों में तेजी से गिरावट आई है। न्‍यूयॉर्क में कल सोना 1.77 प्रतिशत घटकर 1278.90 डॉलर प्रति औंस रह गया। वहीं चांदी 3.44 प्रतिशत टूटकर 16.54 डॉलर प्रति औंस बोली गई।

राष्‍ट्रीय राजधानी में, 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतों में 390-390 रुपए की गिरावट आई और भाव क्रमश: 31,800 रुपए और 31,650 रुपए प्रति दस ग्राम रह गए। इससे पहले शुक्रवार को सोने की कीमतों में 330 रुपए की तेजी आई थी। हालांकि गिन्‍नी का भाव 24,800 रुपए प्रति आठ ग्राम के स्‍तर पर स्थिर बना रहा।

सोने की तरह चांदी हाजिर भी 1050 रुपए टूटकर 41,350 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव भी 1295 रुपए टूटकर 40,200 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया। सीमित कारोबार के दौरान चांदी सिक्‍कों का भाव बिना किसी बदलाव के 76,000 रुपए खरीद और 77,000 रुपए बिकवाल प्रति सैकड़ा पर बने रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा