1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Rate Today: सोने में लगातार दूसरे दिन आई 150 रुपए की तेजी, दो दिन में 300 रुपए प्रति 10 ग्राम बढ़ा भाव

Gold Rate Today: सोने में लगातार दूसरे दिन आई 150 रुपए की तेजी, दो दिन में 300 रुपए प्रति 10 ग्राम बढ़ा भाव

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 26, 2019 04:28 pm IST,  Updated : Apr 26, 2019 04:28 pm IST

डॉलर के मुकाबले रुपए के 70 के स्तर तक पहुंच जाने से भी सोने की मांग सुरक्षित निवेश के लिए बढ़ी है, जिससे इसकी कीमतों को सपोर्ट मिला।

Gold rises Rs 150 on jewellers' buying, positive global trend- India TV Hindi
Gold rises Rs 150 on jewellers' buying, positive global trend Image Source : GOLD RISES

नई दिल्‍ली। सोने में लगातार दूसरे दिन तेजी का रुख कायम रहा। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन ने बताया कि विदेशों में तेजी के रुख के साथ आभूषण निर्माताओं की लिवाली से शुक्रवार को राष्‍ट्रीय राजधानी में सोने का भाव 150 रुपए बढ़कर 33,020 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। इससे पहले गुरुवार को भी सोना 150 रुपए की तेजी के साथ बंद हुआ था। दो कारोबारी सत्रों में सोना 300 रुपए बढ़ गया है।

औद्योगिक इकाईयों और सिक्‍का निर्माताओं की ओर से मांग निकलने से चांदी भी 230 रुपए उछलकर 38,750 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। सर्राफा कारोबारियों ने बताया कि विदेशों में सकारात्‍मक रुख और ज्‍वैलर्स की खरीदी से पीली धातुओं की कीमतों को बल मिला है।

उन्‍होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपए के 70 के स्‍तर तक पहुंच जाने से भी सोने की मांग सुरक्षित निवेश के लिए बढ़ी है, जिससे इसकी कीमतों को सपोर्ट मिला। शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 16 पैसे कमजोर होकर 70.09 पर पहुंच गया। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर न्‍यूयॉर्क में सोना 1282.70 डॉलर प्रति औंस और चांदी 15.10 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।   

राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 150-150 रुपए बढ़कर क्रमश: 33,020 रुपए और 32,850 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, गिन्‍नी का भाव 26,400 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर बना रहा।

सोने की तरह ही चांदी हाजिर का भाव 230 रुपए बढ़कर 38,750 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव 179 रुपए बढ़कर 37,560 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। चांदी सिक्‍का लिवाल का भाव 80,000 रुपए और बिकवाली का भाव 81,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर बना रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा