1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में बढ़त लेकिन PNB का शेयर आज फिर से 8% लुढ़का, निवेशकों के डूबे 6600 करोड़

शेयर बाजार में बढ़त लेकिन PNB का शेयर आज फिर से 8% लुढ़का, निवेशकों के डूबे 6600 करोड़

 Reported By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Feb 15, 2018 09:42 am IST,  Updated : Feb 15, 2018 09:42 am IST

PNB के शेयरों में 2 दिन की इस गिरावट की वजह से इसके निवेशकों के 6600 करोड़ रुपए से ज्यादा डूब चुके हैं, 2 दिन में PNB का शेयर 17 प्रतिशत से ज्यादा घटा है

Stock Market - India TV Hindi
Stock Market gains by PNB Share again falls 8 percent

नई दिल्ली। गुरुवार को शेयर बाजारों में तो बढ़त के साथ शुरुआत हुई है लेकिन घोटाले की वजह से पंजाब नेशनल बैंक के शेयर में एकतरफा गिरावट हावी है। गुरुवार को बाजार खुलते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर पंजाब नेशनल बैंक का शेयर करीब 8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 133.45 रुपए के निचले स्तर तक आ गया है। कल और आज की गिरावट को मिलाकर देखें तो बैंक का शेयर 17 प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क चुका है। PNB के शेयरों में 2 दिन की इस गिरावट की वजह से इसके निवेशकों के 6600 करोड़ रुपए से ज्यादा डूब चुके हैं।

हालांकि PNB के शेयर को छोड़ दें तो शेयर बाजार में आज बढ़त के साथ शुरुआत हुई है, सेंसेक्स ने शुरुआती कारोबार में ही 34323.07 का ऊपरी स्तर छुआ है और फिलहाल 144.18 प्वाइंट की तेजी के साथ 34300.13 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी की बात करें तो उसने 10550.70 का ऊपरी स्तर छुआ है और फिलहाल 44.25 प्वाइंट की बढ़त के साथ 10545.15 पर कारोबार कर रहा है।

शेयर बाजार में आज सिर्फ PSU बैंक इंडेक्स में गिरावट है, PNB के शेयर में आई बिकवाली की वजह से पूरे PSU बैंक इंडेक्स पर दबाव देखा जा रहा है। बाकी सभी सेक्टर इंडेक्स में बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। सबसे ज्यादा बढ़त मेटल, मीडिया और फाइनेंशियल सेक्टर इंडेक्स में देखी जा रही है। शेयरों की बात करें तो निफ्टी पर सबसे ज्यादा बढ़त इंफ्राटेल, वेदांत, अडानी पोर्ट्स, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक और हिंडाल्को में देखी जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा