1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार लुढ़का, सेंसेक्स में 135 अंकों की गिरावट, निफ्टी भी फिसला, ये प्रमुख स्टॉक्स धड़ाम

शेयर बाजार लुढ़का, सेंसेक्स में 135 अंकों की गिरावट, निफ्टी भी फिसला, ये प्रमुख स्टॉक्स धड़ाम

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Nov 11, 2025 09:41 am IST,  Updated : Nov 11, 2025 10:53 am IST

शुरुआती सत्र में बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में मामूली गिरावट देखने को मिली। सेक्टोरल मोर्चे पर टेलिकॉम इंडेक्स में 0.4% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस और पावर सेक्टर में बिकवाली देखी गई।

बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, श्रीराम फाइनेंस, एशियन पेंट्स और एसबीआई में गिरावट देखने को मिली।- India TV Hindi
बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, श्रीराम फाइनेंस, एशियन पेंट्स और एसबीआई में गिरावट देखने को मिली। Image Source : PIXABAY

घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआती सत्र में गिरावट देखी जा रही है। बीएसई सेंसेक्स सुबह 9 बजकर 24 मिनट पर 135.04 अंक की गिरावट के साथ 83,400.31 के लेवल पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह, एनएसई निफ्टी भी 40.8 अंक की कमजोरी के साथ 25,533.55 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी पर प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में मैक्स हेल्थकेयर, टीसीएस, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और डॉ. रेड्डीज लैब्स शामिल रहे, वहीं बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, श्रीराम फाइनेंस, एशियन पेंट्स और एसबीआई प्रमुख गिरावट वाले शेयरों में रहे।

इन शेयरों में हलचल

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा और कोटक महिंद्रा बैंक भी नुकसान झेलने वाले शेयरों में शामिल रहे। वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL), महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक, अदानी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनिलीवर और ईटर्नल शीर्ष बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल रहे।

एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख

एशियाई बाजारों में मंगलवार को मिश्रित रुख देखने को मिला। पीटीआई की खबर के मुताबिक, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई 225 इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि शंघाई एसएसई कंपोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स लाल निशान में थे। अमेरिकी बाजार सोमवार रात के सौदों में मजबूती के साथ बंद हुए।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के हेड ऑफ प्राइम रिसर्च देवर्ष वकील ने कहा कि एसएंडपी 500 में 1.54 प्रतिशत की उछाल आई और नैस्डैक 100 में 2.20 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई, जो मई के बाद उनकी एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त है। यह बढ़त उस समय आई जब अमेरिकी सीनेट ने रिकॉर्ड-लंबे सरकारी शटडाउन को समाप्त करने के लिए विधेयक को आगे बढ़ाया।

रुपया शुरुआती कारोबार में सीमित दायरे में

रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सीमित दायरे में रहा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 6 पैसे की मजबूती के साथ 88.67 पर पहुंच गया। अमेरिकी अर्थव्यवस्था की दीर्घकालिक स्थिति को लेकर चिंताओं के बीच डॉलर में कमजोरी ने घरेलू मुद्रा को निचले स्तरों पर सहारा दिया। फॉरेक्स ट्रेडर्स के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में सुस्त रुख और विदेशी फंडों की निकासी ने निवेशकों की भावना पर दबाव डाला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 88.79 पर खुला और बाद में 88.67 के स्तर तक पहुंचा, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 6 पैसे की बढ़त दर्शाता है। इसके बाद रुपया 88.71 प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था। सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.73 पर बंद हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा