1. Hindi News
  2. पंजाब
  3. AAP ने चंडीगढ़ में पार्टी दफ्तर के लिए मांगी जमीन, भगवंत मान ने राज्यपाल को लिखा पत्र

AAP ने चंडीगढ़ में पार्टी दफ्तर के लिए मांगी जमीन, भगवंत मान ने राज्यपाल को लिखा पत्र

 Published : Jul 11, 2023 08:09 pm IST,  Updated : Jul 11, 2023 08:09 pm IST

भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर पहले भी राज्यपाल को पत्र लिखा था, लेकिन राज्यपाल की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जो चंडीगढ़ के प्रशासक भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन की निष्क्रियता और “चुप्पी’’ का मतलब है कि वह पक्षपात कर रहा है और इसके कुछ गुप्त उद्देश्य हैं।

bhagwant mann arvind kejriwal- India TV Hindi
भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल Image Source : PTI

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से पार्टी की राज्य इकाई के कार्यालय के लिए चंडीगढ़ में भूमि आवंटित करने का अनुरोध किया। AAP ने कहा कि वह एक राष्ट्रीय दल है और पंजाब में उसके पास विशाल बहुमत है। मुख्यमंत्री व पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष भगवंत मान ने राज्यपाल को लिखे पत्र में कहा, “राज्य के सभी सात राज्य सभा सदस्य आप के हैं। चंडीगढ़ (नगर निगम) में भी 35 पार्षदों में से 14 हमारे हैं। आम आदमी पार्टी पंजाब और चंडीगढ़ में सबसे लोकप्रिय दल है।”

पहले भी राज्यपाल को पत्र लिख चुके हैं मान

बयान के अनुसार मान ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर पहले भी राज्यपाल को पत्र लिखा था, लेकिन राज्यपाल की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जो चंडीगढ़ के प्रशासक भी हैं। मान ने पत्र में लिखा ‘‘पार्टी कार्यालय के लिए जमीन आवंटित करने को लेकर कई बार पत्र लिखने के बाद भी चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

CM मान ने लगाए आरोप
मान ने कहा क्षेत्रीय पार्टी शिरोमणि अकाली दल के पास सेक्टर 28 में तीन एकड़ जमीन है। कांग्रेस को सेक्टर 15 में 1 एकड़ से अधिक जमीन आवंटित की गई है और भाजपा के पास सेक्टर 33 और 37 में दो भूखंड हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन की निष्क्रियता और “चुप्पी’’ का मतलब है कि वह पक्षपात कर रहा है और इसके कुछ गुप्त उद्देश्य हैं। मान ने अपने पत्र में राज्यपाल से चंडीगढ़ में ‘आप’ कार्यालय के निर्माण के लिए उपयुक्त भूखंड आवंटित करने का अनुरोध किया। उन्होंने राज्यपाल से यथाशीघ्र आवश्यक कदम उठाने और कार्रवाई करने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पंजाब से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।