पठानकोटः हिमाचल प्रदेश की लाइफलाइन कही जाने वाली ऐतिहासिक कांगड़ा घाटी नैरोगेज रेल सेवा के यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। पठानकोट-जोगिंदरनगर रेल मार्ग पर 2 जून से ट्रेनों का संचालन फिर से बहाल हो गया है। ये सेवा पिछले 4 सालों से बंद पड़ी थी। मंगलवार को यह सेवा फिर से चालू हो गई।
करीब 4 साल पहले चक्की दरिया पर बना पुल बाढ़ की चपेट में आने से टूट गया था। इसकी वजह से पंजाब हिमाचल का रेल संपर्क टूट गया था। जो बसें पंजाब-हिमाचल तक चलती हैं, उनका किराया बहुत महंगा है। रेल यात्रा शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जानें इस ट्रेन का टाइम-टेबल
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन (52465) पठानकोट से सुबह 5 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 12 बजे बैजनाथ-पापरोला पहुंचेगी, जबकि ट्रेन (52467) पठानकोट से सुबह 7 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 1:40 बजे बैजनाथ-पापरोला पहुंचेगी। वापसी यात्रा में ट्रेन (52470) बैजनाथ-पापरोला से दोपहर 2:15 बजे प्रस्थान करेगी और रात 9:45 बजे पठानकोट पहुंचेगी, जबकि ट्रेन (52474) बैजनाथ-पापरोला से दोपहर 3:40 बजे प्रस्थान करेगी और रात 10:50 बजे पठानकोट पहुंचेगी।
पठानकोट से यह दो जोड़ी ट्रेनें चलेंगी
पठानकोट से पहली ट्रेन (62465): सुबह 5:00 बजे चलेगी।
पठानकोट से दूसरी ट्रेन (52467): सुबह 7:00 बजे चलेगी।
बैजनाथ से पठानकोट के लिए
बैजनाथ से पहली ट्रेन: दोपहर 2:15 बजे चलेगी।
बैजनाथ से दूसरी ट्रेन: दोपहर 3:45 बजे चलेगी।
नूरपुर से बैजनाथ के बीच
नूरपुर से बैजनाथ के लिए: दोपहर 2:10 बजे रवाना होगी।
बैजनाथ से नूरपुर के लिए: दोपहर 12:10 बजे चलेगी।
ज्वालामुखी रोड से बैजनाथ के बीच
ज्वालामुखी रोड से बैजनाथ के लिए: सुबह 9:30 बजे रवाना होगी।
बैजनाथ से ज्वालामुखी रोड के लिए: दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी।
बैजनाथ से जोगिंदरनगर के बीच
बैजनाथ से जोगिंदरनगर के लिए: सुबह 9:30 बजे रवाना होगी।
जोगिंदरनगर से बैजनाथ के लिए: दोपहर 12:50 बजे रवाना होगी
बस और ट्रेन के किराये में बड़ा अंतर
ट्रेन से सफर करना बस के मुकाबले काफी सस्ता है। आप नीचे दिए गए किराये से फर्क समझ सकते हैं।
नूरपुर जाने के लिए: बस का किराया ₹50 है, जबकि ट्रेन का किराया सिर्फ ₹10 है।
कांगड़ा जाने के लिए: बस का किराया ₹218 है, जबकि ट्रेन का किराया सिर्फ ₹25 है।
पालमपुर जाने के लिए: बस का किराया ₹297 है, जबकि ट्रेन का किराया सिर्फ ₹30 है।
जोगिंदरनगर जाने के लिए: बस का किराया ₹392 है, जबकि ट्रेन का किराया सिर्फ ₹40 है।
ट्रेन से 7 घंटे और बस से 3.30 घंटे में सफर
ट्रेन में इस सफ़र को पूरा करने के लिय करीब 7 घंटे का समय लगता है, अगर आप में रस्ते में कुदरत के नजारों का आनंद ओर सस्ता सफ़र करना है तो यह ट्रेन आप के लिय एक बेहतर विकल्प है, वहीं सड़क मार्ग से इस सफर को तय करने में 3 से साढ़े 3 घंटे का समय लगता है।
हिमाचल की वादियों का नजारा देख सकेंगे सैलानी
इस ट्रेन के फिर से शुरू होने से सैलानियों और स्थानीय लोगों को एक बार फिर से हिमाचल की वादियों का नजारा ट्रेन के जरिए लेने का मौका मिलेगा। इस बारे में बात करते हुए यात्रियों ने कहा कि पिछले 4 साल से ट्रेन ना चलने के कारण जहां उन्हें ज्यादा पैसे खर्च कर बस द्वारा सफर करना पड़ता था। वहीं अब कम पैसों से रेलवे में सफर कर हिमाचल की वादियों का नजारा लेंगे।
रिपोर्ट- गुरदेव सिंह जोहल, पठानकोट
ये भी पढ़ेंः लुधियाना: टूल बनाने वाली फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव, 3 मजदूरों की मौत, 2 की हालत गंभीर
पंजाब में RTI एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार; जांच में जुटी पुलिस