1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. झुंझुनूं में व्यापारी ने घर में फर्श के नीचे छुपाए थे 40 लाख के जेवरात, नौकरों ने ही कर दिया कांड

झुंझुनूं में व्यापारी ने घर में फर्श के नीचे छुपाए थे 40 लाख के जेवरात, नौकरों ने ही कर दिया कांड

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Oct 24, 2025 02:09 pm IST,  Updated : Oct 24, 2025 02:17 pm IST

झुंझुनूं में व्यापारी के घर से जेवरात चोरी करने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियो के पास से चोरी का गोल्ड भी बरामद किया गया है।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : REPORTER

झुंझुनूंः राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ कस्बे में धनतेरस के दिन एक व्यापारी के घर से चोरी हुए लाखों के जेवरात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। 

धनतेरस के दिन शाम को चोरी का पता चला

 
थानाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि व्यापारी संदीप महाजन पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी वार्ड नंबर 5, सूरजगढ़ ने रिपोर्ट दी कि धनतेरस की शाम पूजा के लिए जब उन्होंने अपने कमरे के फर्श में दबे जेवरात निकालने चाहे, तो वहां कुछ नहीं मिला। जांच में सामने आया कि उनके घर में काम करने वाले नौकर कृष्ण कुमार और सियाराम शर्मा ने मिलकर चोरी को अंजाम दिया।

पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
 
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि चिड़ावा निवासी कृष्ण नायक लंबे समय से व्यापारी के यहां काम कर रहा था। उसे मालूम था कि मकान में फर्श के नीचे जेवरात छुपाए गए हैं। करीब तीन महीने पहले उसने अपने साथी सियाराम से इस बारे में चर्चा की और दोनों ने चोरी की योजना बना डाली।

40 लाख रुपये के जेवरात चोरी 
 
दोनों नौकरों को पता था कि महाजन दंपत्ति रोज सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाते हैं। उसी दौरान सफाई के बहाने उन्होंने फर्श के नीचे बनाए गए तहखाने से करीब 40 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी के जेवरात दोनों ने गौशाला के पास एक बीड़ में पेड़ के नीचे गड्ढा बनाकर छिपा रखे थे। कुछ आभूषण उन्होंने बेच भी दिए थे। सूरजगढ़ पुलिस बाकी चोरी के जेवरात की बरामदगी और खरीदारों की तलाश में जुटी है। वहीं, संदीप महाजन ने पुलिस को इस काम के लिए धन्यवाद कहा है। 

रिपोर्ट- अमित शर्मा, झुंझुनूं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।