जयपुर: कोरोना वायरस संक्रमण से राजस्थान में दो और मौत हो गई जिससे राज्य में मरने वालों की संख्या 201 हो गई है। वहीं 171 नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 9,271 हो गयी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से मंगलवार को भरतपुर और कोटा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। इससे राज्य में मृतकों की कुल संख्या 201 हो गई है।
Related Stories
केवल जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 94 हो गया है जबकि जोधपुर में 19 और कोटा में 17 रोगियों की मौत हो चुकी है। अन्य राज्यों के आठ रोगियों की भी यहां मौत हुई है।
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में रोगी किसी न किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थे। वहीं राज्य में मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे तक संक्रमण के 171 नये मामले सामने आए। इनमें भरतपुर में 70, जयपुर में 34, झालावाड़ में 23, जोधपुर में 12, अलवर और कोटा में 10-10, झुंझुनू और दौसा में चार-चार, चुरू में दो नये मामले शामिल हैं।
राज्य में अब तक के संक्रमितों की कुल संख्या 9,271 हो चुकी है। राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के साथ-साथ 61 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर और जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया था। राज्यभर में 22 मार्च से लॉकडाउन है और अनेक थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।