1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान के छह जिलों में बारिश की चेतावनी, पढ़ें- मौसम विभाग का ताजा अपेडट

राजस्थान के छह जिलों में बारिश की चेतावनी, पढ़ें- मौसम विभाग का ताजा अपेडट

 Published : Aug 29, 2024 12:49 pm IST,  Updated : Aug 29, 2024 01:18 pm IST

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई है। कुछ जगहों पर भारी बारिश का भी अलर्ट है।

 राजस्थान के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी - India TV Hindi
राजस्थान के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी Image Source : PTI

जयपुर:राजस्थान में मानसून की बारिश का दौर जारी और बीते 24 घंटे में माउंट आबू तथा श्रीगंगानगर में भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ बारिश हुई। इस दौरान श्रीगंगानगर जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। इसके अनुसार, सबसे अधिक बारिश श्रीगंगानगर के जैतसर में 80 मिलीमीटर और माउंट आबू में 49 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा अलवर, भरतपुर, बाड़मेर और उदयपुर जिले में कई जगह मध्यम बारिश दर्ज की गई। 

दो सितंबर पर बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के अधिकांश भागों में भारी बारिश की गतिविधियों में कल से कमी आई है और आगामी 24 घंटे में भरतपुर, जयपुर और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अनुसार 30 अगस्त से एक सितंबर तक केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, दो सितंबर से कोटा, उदयपुर, भरतपुर संभाग में बारिश की गतिविधियों में पुनः बढ़ोतरी होने तथा कहीं-कहीं भारी बारिश के दौर शुरू होने की प्रबल संभावना है। 

यहां पर होगी हल्की बारिश

इसी तरह पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में 28-29 अगस्त को हल्की मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 30 अगस्त से तीन सितंबर के दौरान अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।

गुजरात में बारिश से जनजीवन प्रभावित

बता दें कि राजस्थान से सटे गुजरात में पिछले कई दिनों से बारिश कहर बरपा रही है। बाढ़ के कहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के कारण यातायात ठप हो गया है। लगातार बारिश से बाढ़ के भयानक हालात बन गए हैं। इसके कई वीडियो सामने आ रहे हैं। वीडियो में देखा गया कि कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है। कई घरों में जलभराव हो गया है। 

इनपुट-भाषा  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।