नयी दिल्ली: कपिल देव, सौरव गांगुली, वसीम अकरम और इंजमाम उल हक जैसे अपने जमाने के दिग्गज क्रिकेटरों ने भारत को विश्व टी20 खिताब का प्रबल दावेदार बताया। गांगुली ने आज तक सलाम क्रिकेट कान्क्लेव में कहा, फाइनल अभी काफी दूर है लेकिन भारत अभी जिस तरह से खेल रहा है उसे देखते हुए उसकी जीत की अच्छी संभावना है। कुछ समय पहले तक (जब टी बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका से वनडे में हार गयी थी) चीजें अनुकूल नहीं थी। पिछले आठ नौ मैचों में उन्होंने जो कुछ किया यदि वे इसे जारी रखते हैं तो उनकी बहुत अच्छी संभावना है।
भारत बहुत अच्छी फार्म के साथ टूर्नामेंट में उतर रहा है। गांगुली, कपिल, इंजमाम और मोहम्मद अजहरूद्दीन के साथ मंच पर मौजूद वसीम अकरम ने भी खिताब के लिये भारत का समर्थन किया। उन्होंने कहा, भारत खिताब का प्रबल दावेदार है। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया भी दावेदार हैं। पाकिस्तान के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। यह पाकिस्तान के लिये नया टूर्नामेंट है। एशिया कप में जो कुछ हुआ उन्हें उसे भूल जाना चाहिए।
धर्मशाला में भारत पाक मैच के आयोजन पर पैदा हुए विवाद के बारे में अकरम ने कहा, दो सरकारें, दो बोर्ड और आईसीसी इसमें शामिल है। उम्मीद है कि यह मसला जल्द सुलझ जाएगा और मैच होगा। टूर्नामेंट भारत में हो रहा है और यह मेजबान देश की जिम्मेदारी है कि वह सभी टीमों के लिये सुरक्षा सुनिश्चित करे।
कपिल ने कहा कि भारतीय टीम बेहद संतुलित है और उसके खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना अन्य के लिये चुनौती होगा। उन्होंने कहा, मैं अमूमन खिताब का दावेदार नहीं चुनता लेकिन इस बार भारत सबसे ज्यादा तैयार दिख रहा है। इसके अलावा आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच सकते हैं। महेंद्र सिंह धोनी के लिये इस समय ज्यादा परेशानियां नहीं दिख रही हैं।
इंजमाम ने कहा, भारत दावेदार है। पाकिस्तान की बात करें तो उसकी टीम बहुत ज्यादा प्रेरित नहीं लगती है। भारत के पास धोनी के रूप में बेहतरीन कप्तान है। आस्ट्रेलिया में भारत ने वनडे श्रृंखला गंवाने के बाद जिस तरह से वापसी की वैसा बहुत कम टीम कर पाती हैं। अजहरूद्दीन ने कहा, हमारी टीम को घरेलू पिचों पर खेलने का फायदा मिलेगा। इससे उस पर दबाव नहीं पडे़गा। भारत के लिये टर्निंग विकेट अच्छे होंगे। अभी वे बेहतरीन फार्म में है। मेरी चोटी की चार टीमें भारत, दक्षिण अफ्रीका, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड होंगी।