1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रजाउल्लाह ने 43 गेंदों में जड़ी फिफ्टी, डेब्यू टेस्ट में एक पारी में 9 छक्के लगाकर की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

रजाउल्लाह ने 43 गेंदों में जड़ी फिफ्टी, डेब्यू टेस्ट में एक पारी में 9 छक्के लगाकर की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Sep 12, 2026 06:53 am IST,  Updated : Sep 12, 2026 06:59 am IST

पाकिस्तानी टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में अपनी प्लेइंग 11 में तेज गेंदबाज रजाउल्लाह को शामिल किया था, जिन्होंने गेंद के साथ टीम की दूसरी पारी में बल्ले से भी कमाल दिखाया और 63 गेंदों में 81 रनों की शानदार पारी खेली।

Razaullah- India TV Hindi
रजाउल्लाह Image Source : AFP

एजबेस्टन के स्टेडियम में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले के तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर पाकिस्तानी टीम अपनी दूसरी पारी में 449 रन बनाकर सिमट गई थी। इसी के साथ ही अब मेजबान इंग्लैंड को जीत हासिल करने के लिए मैच की चौथी पारी में 130 रनों का टारगेट हासिल करना होगा। तीन मैचों की इस टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबलों में पाकिस्तानी टीम की तरफ से काफी खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला था, लेकिन तीसरे टेस्ट में पाक टीम अपनी दूसरी पारी में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन बल्लेबाजी में करने में कामयाब हो सकी, जिसमें डेब्यू टेस्ट मुकाबला खेल रहे तेज गेंदबाज रजाउल्लाह का नाम भी शामिल है, जिन्होंने गेंद के साथ बल्ले से भी ऐसा कमाल दिखाया जिसके दम पर वह वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने में कामयाब हो गए।

रजाउल्लाह ने डेब्यू टेस्ट की एक पारी में जड़े कुल 9 छक्के

पाकिस्तानी टीम जो एजबेस्टन टेस्ट में अपनी पहली पारी में 133 रनों के स्कोर पर सिमट गई थी और उसके जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 453 रन बनाने के साथ बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी। ऐसे में पाकिस्तानी टीम पर पारी से हार का खतरा मंडरा था जिसमें उन्होंने तीसरे दिन के खेल में 312 के स्कोर तक 7 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे रजाउल्लाह ने एक छोर को संभालने के साथ आक्रामक बैटिंग की जिसमें उन्होंने मोहम्मद अब्बास के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी की और टीम से पारी की हार के खतरे को भी टाल दिया। रजाउल्लाह ने सिर्फ 63 गेंदों का सामना करते हुए 81 रनों की पारी खेली जिसमें वह 4 चौके और 9 छक्के लगाने में कामयाब रहे। इसी के साथ रजाउल्लाह डेब्यू टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी करने में कामयाब रहे जिसमें उनसे पहले साल 2008 में टिम साउदी ने इंग्लैंड के खिलाफ ही टेस्ट में डेब्यू करते हुए एक पारी में 9 छक्के लगाए थे।

डेब्यू टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी

  • टिम साउदी (न्यूजीलैंड) - 9 छक्के बनाम इंग्लैंड (नेपियर, साल 2008)
  • रजाउल्लाह (पाकिस्तान) - 9 छक्के बनाम इंग्लैंड (बर्मिंघम, साल 2026)
  • काइल मेयर्स (वेस्टइंडीज) - 7 छक्के बनाम बांग्लादेश (चट्टोग्राम, साल 2021)

टेस्ट डेब्यू में पाकिस्तान की तरफ से लगाई सबसे तेज फिफ्टी

रजाउल्लाह ने बर्मिंघम टेस्ट में पाकिस्तान की दूसरी पारी में अपनी फिफ्टी सिर्फ 43 गेंदों में पूरी कर ली थी, जिसके बाद वह टेस्ट डेब्यू मैच में पाकिस्तान की तरफ से सबसे कम गेंदों में फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड फहीम अशरफ के नाम पर था, जिन्होंने साल 2018 में आयरलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट पारी में 52 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद रजाउल्लाह ने अपनी इस शानदार बैटिंग को लेकर कहा कि मैं बस इसका मजा लेना चाहता था, जिसमें मेरे स्लॉट में गेंद आने पर उसे हिट करने की कोशिश कर रहा था। मैं अपनी इस पारी से टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों को कोई मैसेज नहीं देना चाहता क्योंकि मैं बस सीखने की कोशिश कर रहा हूं। बता दें कि रजाउल्लाह के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड गेंदबाजी में दर्ज हुआ है, जिसमें इंग्लैंड में खेले गए टेस्ट मैच की एक पारी में (कम से कम 20 ओवर फेंकने वालों में) सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में वह अब पहले नंबर पर आ गए हैं। रजाउल्लाह ने बर्मिंघम टेस्ट की पहली पारी में 6.43 की इकॉनमी रेट से रन लुटाए और सिर्फ 3 विकेट हासिल किए थे।

ये भी पढ़ें

IND vs AFG सीरीज से पहले बढ़ी टीम इंडिया की टेंशन, प्रैक्टिस सेशन में चोटिल हुए ईशान किशन

बाबर आजम फिर शतक लगाने से चूके, लेकिन इस बार इंटरनेशनल क्रिकेट में किया बड़ा कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल