1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड में नहीं खेलेगा धाकड़ भारतीय बल्लेबाज, कुछ ही दिन में होने वाला था डेब्यू

इंग्लैंड में नहीं खेलेगा धाकड़ भारतीय बल्लेबाज, कुछ ही दिन में होने वाला था डेब्यू

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 19, 2025 07:39 am IST,  Updated : Jul 19, 2025 07:39 am IST

भारतीय क्रिकेटर रुतुराज गायकवाड़ काउंटी चैंपियनशिप के बाकी बचे सीजन के लिए यॉर्कशायर से नहीं जुड़ेंगे। क्लब ने यह जानकारी दी।

Ruturaj Gaikwad - India TV Hindi
रुतुराज गायकवाड़ Image Source : ALBERT PEREZ/GETTY

भारतीय बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ अब काउंटी चैंपियनशिप 2025 के बाकी बचे सत्र में यॉर्कशायर की ओर से खेलते नजर नहीं आएंगे। क्लब ने 18 जुलाई को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रुतुराज ने व्यक्तिगत कारणों के चलते टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। उन्होंने पहले यॉर्कशायर के साथ 5 मैचों का करार किया था और 22 जुलाई को स्कारबोरो में मौजूदा चैंपियन सरे के खिलाफ अपना डेब्यू करने वाले थे। हालांकि, गायकवाड़ ने अचानक इस करार से पीछे हटने का फैसला किया, जिसके पीछे की असल वजह अभी सामने नहीं आई है। क्लब और कोचिंग स्टाफ को भी इस फैसले की जानकारी हाल ही में मिली, जिससे टीम मैनेजमेंट को एकाएक झटका लगा है।

चोट से वापसी के बाद उम्मीदें थीं

28 साल के गायकवाड़ ने IPL 2025 में सिर्फ 5 मैच खेले थे, जिसके बाद कोहनी की चोट के चलते वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। हालांकि, बाद में उन्होंने चोट से उबरकर भारत ए टीम के इंग्लैंड दौरे पर कुछ मुकाबले खेले थे, जिससे उनके यॉर्कशायर के लिए खेलने की उम्मीदें मजबूत हो गई थीं।

कोच एंथनी मैक्ग्रा ने जताई निराशा

यॉर्कशायर के हेड कोच एंथनी मैक्ग्रा ने रुतुराज के अचानक हटने पर निराशा जताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि रुतुराज निजी कारणों से अब हमारे साथ नहीं जुड़ पाएंगे। हम उन्हें स्कारबोरो या बाकी सीजन के लिए टीम में नहीं रख पाएंगे। इसलिए यह निराशाजनक है। वह इसके कारणों के बारे में कुछ नहीं बता सकते, लेकिन हमें उम्मीद है कि सब ठीक होगा। हमें अभी-अभी पता चला है। हम पर्दे के पीछे से इस पर काम कर रहे हैं कि हम क्या कर सकते हैं। लेकिन बस दो या तीन दिन बाकी हैं, इसलिए उन्हें यकीन नहीं है कि हम इस समय क्या कर सकते हैं। हम एक संभावित रिप्लेसमेंट खोजने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन समय कम है। वह इस समय इससे ज्यादा कुछ नहीं बता सकते।

रुतुराज गायकवाड़ का फर्स्ट क्लास करियर अब तक प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 38 मैचों में 41.77 की औसत से कुल 2632 रन बनाए हैं, जिसमें सात शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी तकनीक और धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी उन्हें काउंटी क्रिकेट के लिए उपयुक्त खिलाड़ी बनाते हैं।

यॉर्कशायर की योजनाओं पर असर

गायकवाड़ के नाम वापस लेने से यॉर्कशायर की रणनीति और टीम संयोजन पर असर पड़ा है। सरे के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले यह झटका टीम की तैयारियों में व्यवधान डाल सकता है। अब देखना होगा कि क्लब इतने कम समय में किस खिलाड़ी को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल कर पाता है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल