1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 WC से पहले 2 बार की वर्ल्ड चैंपियन ने स्क्वॉड का किया ऐलान, पहली बार इस खिलाड़ी को मिला मौका

T20 WC से पहले 2 बार की वर्ल्ड चैंपियन ने स्क्वॉड का किया ऐलान, पहली बार इस खिलाड़ी को मिला मौका

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jan 13, 2026 03:41 pm IST,  Updated : Jan 13, 2026 03:42 pm IST

T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले वेस्टइंडीज की टीम दुबई में अफगानिस्तान से भिड़ेगी। दोनों के बीच 3 मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है।

West Indies - India TV Hindi
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम Image Source : PTI

T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने में अब एक महीने से कम का समय बचा है। ऐसे में टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली सभी टीमें तैयारी में जुट गईं हैं। इनमें वेस्टइंडीज की टीम भी शामिल है, जो वर्ल्ड कप से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की T20I सीरीज खेलेगी। इस सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। वेस्टइंडीज ने अपने स्क्वॉड में 16 खिलाड़ियों को जगह दी है, जिसमें तेज गेंदबाज शमार जोसेफ और सलामी बल्लेबाज एविन लुईस की वापसी हो गई है। वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के बीच T20I सीरीज 19 से 22 जनवरी तक दुबई में खेली जाएगी।

ब्रैंडन किंग संभालेंगे टीम की कमान

टीम के T20I कप्तान शे होप इस सीरीज में वेस्टइंडीज की कमान नहीं संभाल पाएंगे क्योंकि वह SA20 टीम में शिरकत कर रहे हैं। उनके अलावा रोस्टन चेज, अकील हौसेन और शेरफन रदरफोर्ड भी SA20 में हिस्सा लेने के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। होप की गैरमौजूदगी में टीम की कमान ब्रैंडन किंग को सौंपी गई है। किंग इससे पहले भी 2024 की शुरुआत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में वेस्टइंडीज की कप्तानी कर चुके हैं।

तेज गेंदबाज शमार जोसेफ पिछले कुछ महीनों से चोट के कारण क्रिकेट से दूर थे। 26 साल के शमार भारत दौरे के टेस्ट से चोट के कारण बाहर हो गए थे और बाद में ट्रेनिंग के दौरान कंधे में तकलीफ के चलते उनकी वापसी टल गई थी। इसके चलते वे बांग्लादेश के खिलाफ ODI सीरीज भी नहीं खेल पाए। शमार ने आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच सितंबर में समाप्त हुए CPL में खेला था, जहां उन्होंने पांच मुकाबलों में हिस्सा लिया था। वहीं एविन लुईस भी चोट से उबरकर लौट रहे हैं। उन्होंने आखिरी बार अगस्त में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया था। CPL में लुईस ने सात पारियों में 130 रन बनाए, जबकि नवंबर में खेले गए अबू धाबी T10 में उन्होंने नौ पारियों में 110 रन जोड़े।

क्वेंटिन सैम्पसन को पहली बार मिला मौका

2 बार की T20 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम में एक नया नाम भी शामिल किया गया है। क्वेंटिन सैम्पसन को पहली बार टीम में जगह मिली है। उन्होंने CPL 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गयाना अमेजन वॉरियर्स के लिए नौ पारियों में 241 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट 151.57 रहा, जिससे वे टीम के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। सैम्पसन को रोवमैन पॉवेल की जगह चुना गया है, जिन्हें जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड के साथ वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। हालांकि तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को अभी टीम में शामिल नहीं किया गया है। वे 2025 के अंत में लगी चोट से उबर रहे हैं। क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) के अनुसार उनकी रिकवरी में सुधार है, लेकिन T20 वर्ल्ड कप चयन को लेकर अंतिम फैसला मेडिकल आकलन के बाद लिया जाएगा।

अफगानिस्तान के खिलाफ यह सीरीज वेस्टइंडीज के लिए आगामी T20 वर्ल्ड कप की तैयारियों का अहम हिस्सा है। इसके बाद टीम को 27 से 31 जनवरी के बीच साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू T20 सीरीज भी खेलनी है। वेस्टइंडीज टीम 14 जनवरी को कैरेबियन से रवाना होकर 16 जनवरी को UAE पहुंचेगी।

अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज के लिए वेस्टइंडीज की टीम: ब्रैंडन किंग (कप्तान), एलिक अथानेज, कीसी कार्टी, जॉनसन चार्ल्स, मैथ्यू फोर्डे, जस्टिन ग्रीव्स, शिमरॉन हेटमायर, आमिर जंगू, शमार जोसेफ, एविन लुईस, गुडाकेश मोटी, खारी पियरे, क्वेंटिन सैम्पसन, जेडन सील्स, रेमन सिमंड्स, शमार स्प्रिंगर।

यह भी पढ़ें

IND vs NZ: कितने बजे से शुरू होगा भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे, नोट कीजिए टाइम और डेट

भारतीय टीम से बाहर चल रहे खिलाड़ी को अचानक मिली कप्तानी, ऋषभ पंत चोटिल और आयुष बदोनी की टीम इंडिया में एंट्री

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल