1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2020, KKR vs RCB : बैंगलोर ने घातक गेंदबाजी के दमपर केकेआर को बुरी तरह 8 विकेट से हराया

IPL 2020, KKR vs RCB : बैंगलोर ने घातक गेंदबाजी के दमपर केकेआर को बुरी तरह 8 विकेट से हराया

 Reported By: IANS
 Published : Oct 21, 2020 10:33 pm IST,  Updated : Oct 21, 2020 11:15 pm IST

बेंगलोर के लिए देवदत्त पडिकल ने 25 रन, गुरकीरत सिंह मान ने नाबाद 21, कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 18 रन बनाए।

KKR VS RCB - India TV Hindi
KKR VS RCB  Image Source : IPLT20.COM

अबू धाबी। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने शेख जाएद स्टेडियम में खेले गए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स पर बेहद आसान जीत हासिल की। 

बेंगलोर ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर कोलकाता को 20 ओवरों में आठ विकेट पर 84 रनों से आगे नहीं जाने दिया। यह आसान सा लक्ष्य बेंगलोर जैसी इन-फॉर्म टीम के लिए मुश्किल नहीं था। बेंगलोर ने 13.3 ओवरों में इस आसान से लक्ष्य को हासिल कर लिया।

बेंगलोर के गेंदबाजों ने इस मैच में जो गेंदबाजी दिखाई उसे सीजन की सबसे बेहतरीन गेंदबाजी भी कहा जा सकता है, हालांकि कोलकाता के बल्लेबाजों का गलत शॉट सिलेक्शन भी इसकी वजह रहा जिसके कारण इस सीजन का सबसे कम स्कोर का रिकार्ड कोलकाता के हिस्से आया।

मोहम्मद सिराज ने बेंगलोर को आक्रामक शुरुआत दिलाई और दूसरे ओवर में ही राहुल त्रिपाठी (1) और नीतीश राणा (0) को पवेलियन में बैठा दिया। सिराज हैट्रिक से चूक गए।

अच्छी शुरुआत न मिलने का टीम पर दबाव था, लेकिन शुभमन गिल पर इसका असर नहीं पड़ा जिसका खामियाजा गिल और टीम दोनों को भुगतना पड़ा। नवदीप सैनी की गेंद पर गिल ने गलत शॉट खेला और क्रिस मौरिस ने उनका कैच पकड़ा। गिल भी सिर्फ एक रन बना सके।

चोटिल आंद्रे रसेल की जगह इस मैच में टीम में आए टॉम बेंटन उन चुंनिदा बल्लेबाजों में से रहे जो कोलकाता की तरफ से दहाई के आंकड़े में पहुंच सके, लेकिन बेंटन 10 रनों से आगे नहीं जा सके। बेंटन, सिराज का तीसरा शिकार बने।

स्पिन के अच्छे बल्लेबाज माने जाने वाले दिनेश कार्तिक (4) युजवेंद्र चहल की फिरकी में फंस गए। यही हाल हुआ पैट कमिंस (4) का। वह भी चहल का शिकार बने।

कप्तान इयोन मोर्गन के ऊपर सारी जिम्मेदारी आ गई थी, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने मोर्गन को आउट कर कोलकाता की 100 के पार जाने की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। मोर्गन टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे जिन्होंने 30 रन बनाए।

IPL 2020 : घातक गेंदबाजी से इस कारनामे को अंजाम देने वाले पहले गेंदबाज बने सिराज

मोर्गन के जाने के बाद कुलदीप यादव (12) और लॉकी फग्र्यूसन (नाबाद 19) ने लड़ाई लड़ी, लेकिन वह टीम को 100 के पार नहीं पहुंचा पाए।

सिराज ने बेंगलोर के लिए तीन विकेट लिए। चहल के हिस्से दो विकेट आए। सैनी और सुंदर को एक-एक सफलता मिली।

इस आसान से लक्ष्य के सामने बेंगलोर की इन-फॉर्म सलामी जोड़ी देवदत्त पडिकल और एरॉन फिंच ने अच्छी शुरुआत की। कोलकाता को पहली सफलता दिलाई पिछले मैच के हीरो फग्र्यूसन ने। उन्होंने फिंच को 45 के कुल स्कोर पर आउट किया। फिंच ने 16 रन बनाए।

IPL 2020, KKR vs RCB : बुरी तरह हार के बाद कप्तान मॉर्गन ने बताया, कहाँ हुई टीम से चूक

पडिकल, गुरकीरत मान के साथ हुई गलतफहमी में रन आउट हो गए। उन्होंने 17 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 25 रन बनाए।

इसके बाद गुरकीरत (नाबाद 21) और कप्तान विराट कोहली (नाबाद 18) ने मिलकर टीम को जीत दिलाई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।