1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. भारत ने पाकिस्तान को हराकर स्नूकर टीम विश्व कप जीता

भारत ने पाकिस्तान को हराकर स्नूकर टीम विश्व कप जीता

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 03, 2018 12:57 pm IST,  Updated : Mar 03, 2018 12:57 pm IST

पंकज आडवाणी और मनन चंद्रा की भारतीय जोड़ी ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए फाइनल में पाकिस्तान को हराकर पहले आईबीएसएफ स्नूकर टीम विश्व कप का खिताब जीत लिया।

पंकज आडवाणी और मनन...- India TV Hindi
पंकज आडवाणी और मनन चंद्रा

दोहा: पंकज आडवाणी और मनन चंद्रा की भारतीय जोड़ी ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए फाइनल में पाकिस्तान को हराकर पहले आईबीएसएफ स्नूकर टीम विश्व कप का खिताब जीत लिया। कल रात हुए बेस्ट आफ फाइव फाइनल में 0-2 से पिछड़ने के बाद भारत तीसरे फ्रेम में भी 0-30 से पीछे था। चंद्रा ने इसके बाद 39 के ब्रेक के साथ भारत को वापसी दिलाई और फिर आडवाणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेम भारत की झोली में डाल दिया।​

चौथे फ्रेम में बाबर मसीह के खिलाफ 1-20 से पिछड़ते हुए आडवणी मुश्किल में थे लेकिन इसके बाद उन्होंने 69 के शानदार ब्रेक के साथ भारत को 2-2 से बराबरी दिला दी। चंद्रा और मोहम्मद आसिफ के बीच पांचवें और निर्णायक फ्रेम में काफी उतार चढ़ाव देखने को मिला लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अहम मौके पर धैर्य बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की। 

फाइनल में भारत की शुरुआत खराब रही। बाबर ने पहले फ्रेम में चंद्रा को आसानी से 73-24 से हराया जबकि आसिफ ने आडवाणी को कड़े मुकाबले में 61-56 से हराकर पाकिस्तान को 2-0 की बढ़त दिलाई। युगल मैच में आडवाणी और चंद्रा ने 72-47 की जीत से वापसी की और फिर अगले दो एकल फ्रेम भी जीतकर खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ आडवाणी के विश्व खिताब की संख्या 19 हो गई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल