नोवाक जोकोविच ने 38 साल की उम्र में टेनिस की दुनिया में एक ऐसा कारनामा किया है, जो इससे पहले कोई भी दिग्गज खिलाड़ी करने में कामयाब नहीं हो सका था। जोकोविच अब तक अपने टेनिस करियर में कुल 24 ग्रैंड स्लैम टाइटल जीते हैं। वहीं जोकोविच अभी शंघाई मास्टर्स में खेल रहे हैं, जिसमें उन्होंने राउंड ऑफ 64 में मारिन क्लिक के खिलाफ हुए मुकाबले में जब जीत दर्ज की तो वह एटीपी मास्टर्स 1000 इवेंट्स में एक नया मुकाम हासिल करने में कामयाब हो गए। जोकोविच पहले ऐसे पुरुष टेनिस खिलाड़ी बन गए हैं जो छह अलग-अलग एटीपी 1000 इवेंट्स में 40 या उससे अधिक मैच जीत चुके हैं।
क्लिक को जोकोविच ने दी सीधे 2 सेटों में मात
शंघाई मास्टर्स में नोवाक जोकोविच ने मारिन क्लिक के खिलाफ हुए मैच को सिर्फ 2 सेटों में अपने नाम कर लिया जिसमें पहला सेट उन्होंने 7-6 (7-2) से अपने नाम किया और इसके बाद दूसरे सेट को 6-4 से जीतने के बाद सीधे राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह को पक्का कर लिया। जोकोविच की ये शंघाई मास्टर्स में 40वीं जीत थी, जिसके साथ ही उन्होंने एटीपी मास्टर्स में ये मुकाम हासिल किया। इससे पहले जोकोविच ने रोम मास्टर्स में 68 जीत, इंडियन वेल्स मास्टर्स में 51 जीत, पेरिस मास्टर्स में 50 जीत, मियामी मास्टर्स में 49 जीत और सिनसिनाटी मास्टर्स में 45 जीत हासिल कर चुके हैं।
मैं अपनी लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहा था
जोकोविच ने शंघाई मास्टर्स में मारिन क्लिक के खिलाफ मिली जीत के बाद दिए अपने बयान में इस बात को स्वीकार किया कि उन्हें अभी लय हासिल करने के लिए थोड़ा संघर्ष करना पड़ रहा है। नोवाक जोकोविच ने कहा कि मैं कुछ मैचों में अच्छा नहीं खेल पाया, मेरा आखिरी मैच यूएस ओपन में था और इसलिए मारिन के खिलाफ मेरा पहला मैच काफी मुश्किल रहा। उन्होंने मुझे इस मैच में सांस लेने का भी समय नहीं दिया, इसलिए मुझे लगता है कि मैंने अच्छी सर्विस के साथ खुद को उनके खिलाफ मुकाबले में आगे रखने में कामयाब रहा।
ये भी पढ़ें
मीराबाई चानू ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल, कुल 199 किलोग्राम वजन उठाया
भारत में दिखेगा मेसी का जलवा, 2 महीनों में 2 बार देखने को मिल सकता है फुटबॉल का जादू