1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: सेना की वर्दी के कपड़े का अवैध भंडारण कर रहा था अरबाज, आर्मी इंटेलिजेंस की सूचना पर पड़ा छापा, हुआ गिरफ्तार

VIDEO: सेना की वर्दी के कपड़े का अवैध भंडारण कर रहा था अरबाज, आर्मी इंटेलिजेंस की सूचना पर पड़ा छापा, हुआ गिरफ्तार

 Published : Jun 18, 2026 02:29 pm IST,  Updated : Jun 18, 2026 02:36 pm IST

आर्मी इंटेलिजेंस की सूचना पर पुलिस की टीम एक्टिव हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उससे कड़ाई से पूछताछ हो रही है। आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में अवैध कपड़ा बरामद हुआ है।

आरोपी अरबाज गिरफ्तार- India TV Hindi
आरोपी अरबाज गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आर्मी इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद कैंट थाना इलाके में कार्रवाई की गई। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नकटिया के मोहनपुर रोड स्थित एक दुकान पर छापा मारकर सेना की कॉम्बैट यूनिफॉर्म में इस्तेमाल होने वाले कपड़े का बड़ा अवैध भंडारण पकड़ा। इस मामले में अरबाज नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से कपड़ा और सेना की यूनिफॉर्म से जुड़ा सामान बरामद किया है।

कहीं बेचने की कर रहा था तैयारी

बताया जा रहा है कि आर्मी इंटेलिजेंस की ओर से सूचना दी गई कि नकटिया इलाके में एक दुकान पर सेना की नई कॉम्बैट यूनिफॉर्म में इस्तेमाल होने वाले कपड़े को अवैध तरीके से रखा गया है। साथ ही आशंका जताई गई कि इस कपड़े को कहीं और बेचने की तैयारी की जा रही है।

सेना की वर्दी से मिलता जुलता मिला कपड़े का पैटर्न

जानकारी मिलते ही मिलिट्री इंटेलिजेंस, कैंट थाना पुलिस और एसओजी की टीम फ़ौरन मौके पर पहुंची और दुकान पर छापा मारा। जांच के समय वहां ऐसा कपड़ा मिला, जो सेना की वर्दी के लिए इस्तेमाल होने वाले पैटर्न से मिलता-जुलता बताया जा रहा है।

कपड़े के मिले 7 बड़े बंडल

छापेमारी के वक्त पुलिस ने सात बड़े बंडल बरामद किए, जिनमें प्रत्येक में करीब 200 मीटर कपड़ा था। इसके अलावा पांच अन्य बंडल मिले जिनमें लगभग 100-100 मीटर कपड़ा रखा था। दो प्लास्टिक बैग में करीब 150 मीटर अतिरिक्त कपड़ा भी मिला।

जूतों के फीते, कपड़े की टोपी भी बरामद

केवल कपड़ा ही नहीं, बल्कि सेना से जुड़े अन्य सामान भी मौके से बरामद किए गए। इनमें पी-कैप, कॉम्बैट यूनिफॉर्म से संबंधित सामग्री, जूतों के फीते, कपड़े की टोपी और कई प्लास्टिक पैक में रखे गए काले रंग के वेलको शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी अरबाज ने बताया कि उसने यह कपड़ा राजस्थान के श्रीगंगानगर स्थित एक फैक्टरी से मंगवाया था। उसका कहना था कि उसने इस कपड़े की खरीद भी कर ली थी और आगे बेचने की तैयारी चल रही थी।

आरोपी ने कहा कि इस तरह के कपड़े की मार्केट में ज्यादा डिमांड

उसने पुलिस को यह भी बताया कि सेना द्वारा साल 2023 से नई कॉम्बैट यूनिफॉर्म लागू किए जाने के बाद इस तरह के कपड़े की मांग बढ़ गई है। उसकी जानकारी के अनुसार सेना और बीएसएफ कैंटीन में यह कपड़ा आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता, इसलिए बाजार में इसकी कीमत अधिक मिल जाती है।

आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज

एसपी सिटी का कहना है कि बरामद किया गया कपड़ा सेना की वर्दी में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित डिजाइन से मेल खाता है। इसी आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कपड़े की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी और इस कारोबार में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

विकास साहनी की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

यूपी के बैंक लॉकर से गायब हुए सोने के 96 पैकेट, करोड़ों की हेराफेरी का आरोप; 3 कर्मचारियों पर FIR

'CCTV से नजर, पड़ोसियों से बातचीत पर रोक', दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या, डॉक्टर पति गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।