1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. छांगुर बाबा और उसके सहयोगियों पर कसा ED का शिकंजा, टारगेट पर बाबा की 100 करोड़ की संपत्ति

छांगुर बाबा और उसके सहयोगियों पर कसा ED का शिकंजा, टारगेट पर बाबा की 100 करोड़ की संपत्ति

 Reported By: Atul Bhatia, Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jul 10, 2025 07:14 pm IST,  Updated : Jul 10, 2025 07:50 pm IST

सूत्रों के मुताबिक, अरब देशों से छांगुर बाबा के अकाउंट में करोड़ों रुपये आए। इसी पैसे से छांगुर बाबा ने उत्तर प्रदेश समेत नागपुर और पुणे में भी ज़मीन ख़रीदी जिनका पूरा ब्योरा ED निकाल रही है।

Changur baba- India TV Hindi
छांगुर बाबा Image Source : INDIA TV

लखनऊ: छांगुर बाबा और उसके सहयोगियों पर प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। लखनऊ ATS की FIR के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय ने भी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू कर दी है। ईडी के टारगेट पर छांगुर बाबा के 100 करोड़ की संपत्ति है। ईडी छांगुर बाबा और उसके सहयोगियों की संपत्ति से जुड़े तमाम दस्तावेज इकट्ठे कर रही है।  शुरुआती तफ्तीश में छांगुर बाबा के 40 अकाउंट की जानकारी मिली। ये सभी अकाउंट छांगुर बाबा ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर बनाई। ये अकाउंट 40 संस्थाओं के नाम पर खोले गए हैं। इनमें से करीब 6 ओवरसीज बैंकों में अकाउंट होने की जानकारी सामने आई है।

मध्य-पूर्व देशों से होती थी फंडिंग

जानकारी के मुताबिक ईडी ने ने 09.07.2025 को ECIR/LKZO/29/2025 दर्ज कर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। इसमें मुख्य आरोपी जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा (असली नाम करीमुल्ला शाह), निवासी – मधुपुर, बलरामपुर और उसकी करीबी सहयोगी नीतू उर्फ नसरीन को बनाया गया है। छांगुर बाबा “शिजरा-ए-तय्यबा” नामक किताब, धार्मिक भाषण और मानसिक प्रभाव के ज़रिए गरीबों, दलितों और हिंदू समुदायों को धर्मांतरण के लिए प्रेरित करता था। उसे मुख्य रूप से मध्य-पूर्व देशों से आए फंड के जरिए नेटवर्क को आर्थिक मदद मिलती थी।

संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, अरब देशों से छांगुर बाबा के अकाउंट में करोड़ो रुपये आए। इसी पैसे से छांगुर बाबा ने उत्तर प्रदेश समेत नागपुर और पुणे में भी ज़मीन ख़रीदी जिनका पूरा ब्योरा ED निकाल रही है। ED जल्द इन तमाम संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी कर रही है।

5 जुलाई को हुई गिरफ्तारी

जमालुद्दीन उर्फ करीमुल्ला शाह ने धार्मिक भ्रम फैलाकर बड़े पैमाने पर जबरन धर्मांतरण कराया। FIR में बताया गया है कि छांगुर बाबा ने धार्मिक प्रवचनों, शिजरा-ए-तय्यबा नाम की किताब और विदेशी फंडिंग के जरिए खासकर दलितों और गरीब हिंदुओं को इस्लाम में बदलवाया। बाबा ने बहराइच-बालरामपुर इलाके में गैरकानूनी तरीके से करीब 100 करोड़ की संपत्ति बनाई, कई ज़मीनों पर बिना अनुमति निर्माण भी करवाया।ATS ने 5 जुलाई को बाबा और उसकी साथी नीतू उर्फ नसरीन को लखनऊ के एक होटल से गिरफ्तार किया।

ईडी ने ATS और ज़िला प्रशासन से बाबा और उसके साथियों की संपत्ति, बैंक अकाउंट और कंपनियों की जानकारी मांगी है। कई बैंकों को ईमेल भेजकर बाबा के खातों की डिटेल भी मंगाई गई है। बाबा के अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई भी जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है। ED जल्द बाबा को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।